कर्ज और फसल खराब होने से परेशान किसान ने की आत्महत्या

उज्जैन। जिले में लगातार दूसरी बार कर्ज और फसल खराब होने के बोझ से परेशान एक किसान ने आत्महत्या कर ली। यह दुखद वाकया महिदपुर तहसील के खजूरिया गाँव का है, जहाँ दिनेश पिता जगदीश शर्मा (41) ने शनिवार को जहर खाकर अपनी जान दे दी।
दोस्तों को किया आखिरी फोन
मृतक के भाई अशोक शर्मा ने बताया कि दिनेश ने शुक्रवार दोपहर अपने खेत पर जहरीला पदार्थ खा लिया था। इसके तुरंत बाद उन्होंने अपने सरपंच मित्र राकेश परमार को फोन किया और कहा, “यह आखिरी राम-राम है, मेरे बच्चों का ध्यान रखना।”
राकेश परमार उस वक्त गाँव में मौजूद नहीं थे। उन्होंने तुरंत अशोक को फोन किया और दिनेश को देखने के लिए खेत पर जाने को कहा। जब अशोक खेत पर पहुँचे, तो दिनेश उन्हें उल्टी करते हुए मिले। उन्हें आनन-फानन में पहले महिदपुर अस्पताल और फिर चरक अस्पताल लाया गया, जहाँ देर रात उनकी मौत हो गई।
पुजारी थे मृतक, सिर पर था 5 लाख का कर्ज
मृतक दिनेश शर्मा गाँव के महावीर हनुमान मंदिर में पुजारी भी थे। उनके भाई अशोक के अनुसार, दिनेश के पास 6 बीघा जमीन थी और उन पर करीब 5 लाख रुपये का कर्ज था। इस बार सोयाबीन की फसल भी खराब हो जाने के कारण वे गहरे तनाव में थे। दिनेश के दो बेटे हैं, जिनकी उम्र 11 और 13 साल है।



