Sahara chief Subrata Roy is no more : नहीं रहे सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय
Sahara chief Subrata Roy is no more : मुंबई में इलाज के दौरान निधन, कई दिनों से थे बीमार
Sahara chief Subrata Roy is no more : देश के जाने माने बिजनेसमैन सहारा इंडिया के प्रमुख सुब्रत रॉय सहारा का मुंबई में मंगलवार 14 नवंबर की देर रात निधन हो गया है। सहारा परिवार के मुखिया सुब्रत रॉय काफी दिनों से गंभीर बीमार थे और उनका इलाज मुंबई के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। बुधवार 15 नवंबर को उनका पार्थिव शरीर लखनऊ के सहारा शहर लाया जायेगा, जहां उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी जाएगी।
पढ़ाई में कमजोर-व्यापार में पक्के
सुब्रत रॉय का जन्म 10 जून, 1948 को बिहार के अररिया जिले में हुआ। उनके पिता का नाम सुधीर चंद्र रॉय और माता का नाम छवि रॉय था। कोलकाता में शुरुआती शिक्षा-दीक्षा लेने के बाद उन्होंने गोरखपुर के एक सरकारी कॉलेज से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। सुब्रत रॉय ने अपना पहला कारोबार गोरखपुर से ही शुरू किया। सुब्रत को जानने वाले बताते हैं कि वह शुरू से ही पढ़ाई में कमजोर थे। उनका मन पढ़ने से ज्यादा अन्य बातों में लगता था। एक छोटे से शहर से बिजनेस शुरू करने वाले इस शख्स ने 36 सालों में दुनिया भर में अपना कारोबार फैला लिया।
जेब में थे 2000, कारोबार करोड़ों-अरबो में फैलाया
1978 में सहारा की शुरुआत के समय सुब्रत रॉय की जेब में महज 2000 रुपये ही थे।सुब्रत को 70 के दशक से जानने वाले लोग बताते हैं कि तब वह गोरखपुर में एक स्कूटर से चलते थे। तब दिन में 100 रुपये कमाने वाले लोग उनके पास 20 रुपये जमा करते थे। सुब्रत रॉय ने स्वप्ना रॉय से प्रेम विवाह किया है। सुब्रत रॉय के साथ उनके स्कूल, कॉलेज में साथ पढ़े करीब 100 दोस्त भी काम करते हैं।
कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट के कारण हुई मौत
सहारा इंडिया की तरफ से बताया गया कि सुब्रत रॉय सहारा को मेटास्टैटिक स्ट्रोक, हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की समस्याओं थी। कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट के कारण 14 नवंबर 2023 को रात 10.30 बजे उनका निधन हो गया। वे 12 नवंबर से कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल और मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (केडीएएच) में भर्ती थे।
लोगों का पैसा नहीं लौटाने के कारण जेल भी गये, अभी जमानत पर थे
पटना हाईकोर्ट में सहारा इंडिया के खिलाफ लोगों के पैसों का कई सालों से भुगतान नहीं करने का एक मामला चल रहा है। लोगों ने ये पैसे कंपनी की कई स्कीमों में लगाए थे। इस केस में पटना हाईकोर्ट के गिरफ्तारी के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी थी। साथ ही उनके खिलाफ आगे किसी तरह की कार्रवाई को लेकर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था। सुब्रत रॉय के खिलाफ इसी तरह का एक मामला सुप्रीम कोर्ट में भी पहले से चल रहा है। वह जमानत पर बाहर थे। वहीं, निवेशकों के पैसे लौटाने को लेकर सहारा इंडिया का दावा है कि वह सारी रकम सेबी के पास जमा करा चुके हैं।



