अध्यात्मदेश-दुनिया

महाकाल के सच्चे भक्त का भस्म आरती से पहले प्रभुमिलन, स्टेटस में लिखा था- ‘दिल तो महाकाल का है, हम तो किरायेदार हैं’

हर सोमवार भगवान महाकाल की भस्मारती में शामिल होते थे, दीपावली पर मंदिर द्वार पर आया अटैक

उज्जैन महाकाल की नगरी उज्जैन से एक दीपावली के दिन महाकाल भक्त की अनोखी मौत की खबर सामने आई है। सोमवार तड़के महाकाल मंदिर में भस्म आरती में शामिल होने पहुंचे एक नियमित श्रद्धालु को हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। श्रद्धालु मंदिर परिसर में ही अचेत होकर गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मंदिर परिसर में ही गिरे अचेत होकर

मृतक की पहचान सौरभ राज सोनी (47), निवासी पार्श्वनाथ सिटी, उज्जैन के रूप में हुई है। सौरभ फ्रीगंज क्षेत्र में विनायक कैफे नाम से एक चाय की दुकान चलाते थे। सौरभ राज सोनी भगवान महाकाल के अनन्य भक्त थे और हर सोमवार को नियमित रूप से भस्म आरती में शामिल होते थे। दीपावली की सुबह सोमवार को भी वे आरती के लिए मंदिर पहुंच गए थे। रात करीब डेढ़ बजे वे मंदिर के गेट नंबर एक के पास अचानक गिर पड़े और अचेत हो गए।

वॉट्सऐप पर लिखा- ‘दिल तो महाकाल का है’

सौरभ के मित्रो ने बताया कि सौरभ महाकाल के सच्चे भक्त थे। उनकी मौत से कुछ घंटे पहले, उन्होंने अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर एक मार्मिक संदेश लिखा था, जिसने सभी को भावुक कर दिया: “मिट्टी का शरीर है, सांसें सारी उधार हैं, दिल तो महाकाल का है, हम तो किरायेदार हैं।”  महाकाल के दरबार में हर सोमवार दर्शन करने वाले अन्य श्रद्धालुओं ने सौरभ को सच्चा भक्त बताते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। भक्तों का कहना है कि महाकाल के दरबार में अंतिम सांस लेना किसी सच्चे भक्त के लिए मोक्ष से कम नहीं।

-हरिओम राय
महाकाल मंदिर में मिल रहा सेहतमंद श्री अन्न लड्डू प्रसाद, जानिए कैसे बनता है

Related Articles

Back to top button