ठंड का जोर कम, कलेक्टर ने बदला स्कूलों का समय

उज्जैन। समाचार आज
4.5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के बाद गुरुवार को सर्दी का सितम कुछ कम हुआ है। पिछले 24 घंटे के भीतर ही न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री से बढक़र 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री से बढक़र 20 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम विज्ञानियों ने 18 और 19 जनवरी को मालवा क्षेत्र में फिर से हल्का मावठा बरसने का अंदेशा जताया है। पूर्वानुमान है कि इन दो दिनों में उज्जैन और आसपास के क्षेत्र में बादलों का जमावड़ा रहेगा। जीवाजीराव वैधशाला के अधीक्षक डा. राजेंद्र प्रकाश गुप्त के मुताबिक पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है लिहाजा पूरे जनवरी महीने में तापमान में बहुत ज्यादा अंतर नहीं आएगा।
इधर ठंड की वजह से जिले में सभी श्रेणी के स्कूलों का समय बदलने का आदेश कलेक्टर आशीष सिंह ने गुरुवार को जारी कियाहै। इसके तहत जिले में संचालित सभी शासकीय/अशासकीय व सीबीएसई आदि स्कूलों में कक्षा नर्सरी से १२वी तक की कक्षाओं को समय सुबह १० से शाम 4 बजे के बीच संचालित किया जा सकेगा।