उज्जैन

रेलवे की चादर से बने फंदे पर लटका मिला युवक का शव

शरीर पर सिर्फ अंडरवियर, हत्या या आत्महत्या में उलझी पुलिस

उज्जैन, समाचार आज। शहर के वल्लभनगर क्षेत्र में रविवार 1 फरवरी 2026 की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक खाली प्लॉट में लगे बबूल के पेड़ पर एक युवक की लाश लटकती मिली। घटना की सूचना मिलते ही माधवनगर पुलिस और एफएसएल (FSL) टीम मौके पर पहुँची। शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात देखकर मामला हत्या और आत्महत्या के बीच उलझ गया है।

बबूल के पेड़ पर 10 फीट की ऊंचाई पर मिला शव

वल्लभनगर के सुनसान इलाके में सुबह करीब 8 बजे टहलने निकले लोगों ने पेड़ से लटकता शव देखा। माधवनगर टीआई राकेश भारती ने टीम के साथ पहुँचकर शव को नीचे उतरवाया।

  • अजीब स्थिति: मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष है। कड़ाके की ठंड के बावजूद युवक के शरीर पर सिर्फ एक फटी हुई अंडरवियर थी।

  • रेलवे कनेक्शन: जिस फंदे से युवक लटका था, वह रेलवे के बेडरोल (चादर) से बना था। जमीन से करीब 20 फीट की ऊंचाई पर फंदा लगाया गया था। शव के पैर जमीन से 10 फीट ऊपर थे।

पुलिस और एफएसएल मौके पर पहुंची

एफएसएल अधिकारी शकुंतला गवली ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम (PM) के लिए भेज दिया है। टीआई राकेश भारती के अनुसार, मौत का सटीक समय और कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस अब क्षेत्र में खड़ी बसों के स्टाफ और लापता लोगों की जानकारी खंगाल रही है।

हत्या की आशंका: ये 3 सवाल खड़े कर रहे हैं संदेह

पुलिस भले ही इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान रही है, लेकिन मौके पर मौजूद साक्ष्य कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं:

  1. कपड़े कहाँ गए?: इस हाड़ कंपा देने वाली सर्दी में कोई व्यक्ति कपड़े उतारकर पेड़ पर क्यों चढ़ेगा? आशंका है कि पहचान छिपाने या संघर्ष के निशान मिटाने के लिए कपड़े हटाए गए हों।

  2. शारीरिक लक्षण: आमतौर पर फांसी लगाने पर जीभ बाहर आ जाती है, लेकिन युवक की जीभ पूरी तरह बाहर नहीं थी।

  3. फंदे की बनावट: फंदा पेड़ की एक बेहद मजबूत टहनी पर था। जहां पर युवक लटक रहा था वहां भी एक मजबूत टहनी थी। खुद आत्महत्या करने वाला अगर चाहता तो दूसरी टहनी की मदद से समय आने पर खुद को बचा भी सकता था। ऐसे में संभावना बनती है कि किसी ने उसे अचेत अवस्था में फंदे पर लटकाया होगा।

क्या तीर्थयात्री बस स्टाफ से जुड़ा है मामला?

घटनास्थल के पास ही खाली मैदान में अक्सर बाहरी शहरों से आने वाली तीर्थयात्रियों की बसें खड़ी रहती हैं।

  • संभावना: आशंका जताई जा रही है कि मृतक किसी बस स्टाफ का सदस्य हो सकता है। आपस में  विवाद के बाद हत्या कर उसे लटकाया गया हो, क्योंकि बस स्टाफ के पास अक्सर रेलवे जैसी चादरें आसानी से उपलब्ध होती हैं।

  • शिनाख्त नहीं: आसपास के रहवासियों ने युवक को पहचानने से इनकार कर दिया है, जिससे उसके बाहरी होने की संभावना अधिक हो रही है।

समाचार आज (samacharaaj.com) 
उज्जैन में फिर सक्रिय हुई लुटेरी दुल्हन गैंग

Related Articles

Back to top button