हरियाणा का ‘विमान’ उज्जैन में धराया: 33 साल के युवक ने 21 का बनकर छात्रा को फंसाया

उज्जैन, समाचार आज। हरियाणा से पिछले 20 दिनों से फरार एक युवक और युवती को मंगलवार 30 दिसंबर 2025 को सुबह उज्जैन में पकड़ लिया गया है। दोनों मालीपुरा स्थित एक होमस्टे में छिपे हुए थे। इस मामले में पुलिस ने न केवल प्रेमी जोड़े को हिरासत में लिया है, बल्कि नियमों की अनदेखी कर अवैध रूप से होमस्टे चला रहे संचालक पर भी शिकंजा कसा है।
सोशल मीडिया पर रची ‘विमान’ बनकर साजिश
हरियाणा पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह मामला धोखाधड़ी और बहला-फुसलाकर भगाने का है:
-
मुख्य आरोपी: राकेश कुमार (33 वर्ष), निवासी खटावली, रेवाड़ी।
-
पीड़िता: गुरुग्राम सिविल लाइन की बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा।
-
धोखाधड़ी: राकेश ने सोशल मीडिया पर ‘विमान’ नाम से फर्जी आईडी बनाई और खुद को 21 साल का बताकर छात्रा से दोस्ती की।
10 दिसंबर को युवती परीक्षा देने के बहाने घर से निकली थी, जिसके बाद वह राकेश के साथ फरार हो गई। 12 दिसंबर को दोनों उज्जैन पहुँचे और तब से यहीं रुके हुए थे।
उज्जैन पुलिस के सहयोग से सुबह 9 बजे कार्रवाई
युवती के परिजनों की शिकायत पर हरियाणा पुलिस की टीम (एसआई ओमप्रकाश, एएसआई ममता और आरक्षक सुमीत) युवती के भाई-भाभी के साथ उज्जैन पहुँची। देवासगेट पुलिस के सहयोग से मंगलवार 30 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 9 बजे मालीपुरा क्षेत्र में दबिश दी गई और लडक़ा-लडक़ी को हिरासत में ले लिया गया।
अवैध होम-स्टे संचालक पर भी गिरी गाज
इस मामले में पुलिस ने ‘जयश्री महाकाल होम स्टे’ के संचालक आनंदीलाल साहू को भी थाने में बैठा लिया है। जांच में सामने आया कि होम-स्टे अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। बाहरी यात्रियों और संदिग्धों की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई थी (नियमों का उल्लंघन)। देवासगेट पुलिस संचालक के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
20 दिन तक उज्जैन में रहे ‘अंडरग्राउंड’
पकड़े गए युवक-युवती 12 दिसंबर से ही उज्जैन में छिपे थे। हरियाणा पुलिस लगातार उनकी लोकेशन ट्रेस कर रही थी। अंततः मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर उन्हें मालीपुरा के इस अवैध होम-स्टे से ढूंढ निकाला गया।
समाचार आज (samacharaaj.com) की विशेष रिपोर्ट।



