महाकाल के दरबार में दोहरा कानून? आम आदमी पर सख्ती-विधायक पुत्र पर मेहरबानी
महाकाल मंदिर की सुरक्षा एजेंसी पर 5 लाख जुर्माना-गार्ड बर्खास्त, जिम्मेदार अधिकारी व विधायक पुत्र को अभयदान

उज्जैन। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन व्यवस्था, मोबाइल प्रतिबंध और वीआईपी प्रोटोकॉल को लेकर मंदिर प्रशासन की कार्यप्रणाली एक बार फिर गंभीर विवादों और सवालों के घेरे में आ गई है। मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्रों में आम श्रद्धालुओं के लिए जहाँ सख्त नियमों का हवाला दिया जाता है, वहीं सत्ताधारी दल के नेताओं के परिजनों के सामने यही नियम पूरी तरह बौने नजर आ रहे हैं।
ताजा मामला इंदौर के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला से जुड़ा है, जिनका महाकाल मंदिर के नीलकंठ द्वार से लेकर अति-संवेदनशील नंदी हॉल और चांदी द्वार तक बेरोकटोक बनाई गई फिल्मी रील सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। गुरुवार 12 नवंबर 2026 को वीडियो सामने आने के बाद मंदिर समिति ने आनन-फानन में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही निजी एजेंसी (कोर कंपनी) पर 5 लाख रुपये का जुर्माना ठोका है और ड्यूटी पर तैनात 3 निजी सुरक्षाकर्मियों को निलंबित कर दिया है। लेकिन, इस घटना की तीखी प्रतिक्रिया है, साथ ही संत समाज में भी आक्रोश है, क्योंकि महज एक सप्ताह पहले ही अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष के साथ गए अनुयायियों के साथ भी मंदिर में अभद्रता और फोटो खींचने से रोकने का मामला गरमाया था।
फिल्मी अंदाज में एंट्री और चांदी द्वार तक शूटिंग
सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) पर वायरल हो रहा यह वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है, जिसे स्वयं रुद्राक्ष शुक्ला के अकाउंट से साझा किया गया। वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि मंदिर के सुरक्षा मानकों की किस तरह धज्जियां उड़ाई गईं:
-
नीलकंठ द्वार से शाही प्रवेश: वीडियो में रुद्राक्ष शुक्ला फिल्मी स्टाइल में नीलकंठ द्वार से प्रवेश करते दिख रहे हैं, जहाँ उनके पहुँचते ही बिना किसी प्रतीक्षा के तत्काल ई-कार्ट (बैटरी चालित वाहन) उपलब्ध कराई गई।
-
नंदी हॉल और चांदी द्वार पर मोबाइल शूटिंग: मंदिर परिसर के भीतर मोबाइल ले जाने और वीडियो बनाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद नंदी हॉल और चांदी द्वार पर पूजा, अभिषेक और आरती के दौरान बाकायदा मोबाइल से वीडियो शूट किया गया।
-
रोकने के बजाय आवभगत: सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इस पूरी शूटिंग के दौरान वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी और मंदिर समिति के कर्मचारी उन्हें रोकने या मोबाइल जब्त करने के बजाय उनकी आवभगत करते नजर आए।
मामले के तूल पकड़ने पर मंदिर समिति ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए निजी सुरक्षा एजेंसी पर 5 लाख रुपए का अर्थदंड लगाया गया है। साथ ही, लापरवाही बरतने के आरोप में सुरक्षा गार्ड प्रवीण पाल, गौरव गुर्जर और मधु नागर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। गौरतलब है कि पूर्व में भी विधायक शुक्ल और उनके पुत्र के गर्भगृह में नियमों के विरुद्ध प्रवेश को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो चुका है।
सवालों के कटघरे में मंदिर प्रशासन
इस प्रकरण ने मंदिर प्रशासन सवालों में घिर गया है। दरअसल, करीब एक हफ्ते पहले ही अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रवींद्र पुरी महाराज जब महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन पहुँचे थे, तब मंदिर की देहरी पर चेकिंग के नाम पर उनके साथ आए सहयोगियों के साथ कथित अभद्रता की गई थी और उन्हें देहरी पर फोटो खींचने से भी सख्ती से रोक दिया गया था। उस घटना को लेकर देश के सभी प्रमुख 13 अखाड़ों ने तीखी नाराजगी जताई थी और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी। अब संतों और आम श्रद्धालुओं के बीच यह तीखा सवाल उठ रहा है कि क्या सनातन धर्म के शीर्षस्थ संतों और आम भक्तों के लिए नियम अलग हैं, और राजनीतिक रसूख रखने वालों के लिए अलग?
| तुलना का आधार | अखाड़ा परिषद अध्यक्ष के साथ व्यवहार | विधायक पुत्र के साथ व्यवहार |
| प्रोटोकॉल व सम्मान | विधिवत प्रोटोकॉल होने के बावजूद चैकिंग के नाम पर कथित अभद्रता। | नीलकंठ द्वार पर पहुँचते ही तत्काल ई-कार्ट और विशेष आवभगत। |
| फोटोग्राफी / रील नियम | देहरी पर सामान्य फोटो खींचने से भी सख्ती से रोका गया। | नंदी हॉल व चांदी द्वार तक बेरोकटोक फिल्मी स्टाइल में रील शूट हुई। |
| प्रशासन की कार्रवाई | संतों के विरोध के बावजूद जिम्मेदारों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं। | विवाद बढ़ने पर केवल निजी कंपनी पर जुर्माना और 3 गार्ड सस्पेंड। |
भड़का संत समाज: कार्रवाई की मांग
केवल निजी सुरक्षा एजेंसी के तीन छोटे कर्मचारियों पर गाज गिराने से संत समाज संतुष्ट नहीं है। संतों का स्पष्ट कहना है कि बलि का बकरा केवल निचले स्तर के गार्ड्स को बनाया जा रहा है, जबकि घटना के समय जल द्वार, चौखट और नंदी हॉल में तैनात मंदिर समिति के जिम्मेदार अधिकारियों और निरीक्षकों को पूरी तरह बचाया जा रहा है।
-
आमरण अनशन की चेतावनी:
निरंजनी अखाड़े की महंत ज्ञानेश्वरी पुरी ने मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक की कार्यप्रणाली पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि “क्या अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष से बड़ा एक विधायक का पुत्र हो गया है?” महंत ज्ञानेश्वरी पुरी ने चेतावनी दी कि वे 7 दिन पहले ही प्रशासक को हटाने का अल्टीमेटम दे चुकी हैं। यदि उन्हें तत्काल पद से नहीं हटाया गया और मंदिर की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ, तो वे आमरण अनशन पर बैठने को बाध्य होंगी।
-
प्रमुख महामंडलेश्वरों ने खोला मोर्चा:
निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी आनंदगिरि, केदारेश्वर पंचमुखी पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी भगवतानंद गिरि महाराज (उज्जैन), श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा के उपाचार्य महामंडलेश्वर कपिल पुरी और अखिल भारतीय श्रीपंच निर्मोही अखाड़ा (अहमदाबाद) के श्रीमहंत राजेंद्र दास ने संयुक्त रूप से इस व्यवस्था पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है।
महाकाल रील विवाद पहली घटना नहीं
2021 से 2025 तक चार बड़े मामलों में सुर्खियां बटोर चुके हैं विधायक पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मोबाइल प्रतिबंध की धज्जियां उड़ाते हुए चांदी द्वार तक फिल्मी रील बनाने का ताजा मामला पहला नहीं है। इसके पहले भी विधायक गोलू शुक्ला के पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला नियमों को तोड़ चुके हैं। संत समाज और आम श्रद्धालुओं के बीच यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि आखिर बार-बार धार्मिक स्थलों की मर्यादा और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने के बावजूद हर बार जिम्मेदारों द्वारा नरमी क्यों बरती जाती है? रिकॉर्ड खंगालने पर यह स्पष्ट होता है कि रुद्राक्ष शुक्ला का नाम मंदिरों में नियमों को तोड़ने और कर्मचारियों से उलझने के मामले में कोई नया नहीं है। वर्ष 2021 के कोरोना काल से लेकर 2025 तक उज्जैन के महाकाल मंदिर और देवास की प्रसिद्ध माता टेकरी पर हुए कई विवादों में उनका नाम सीधे तौर पर जुड़ चुका है।
विवादों की पूरी टाइमलाइन: कब-कब सुर्खियों में आए रुद्राक्ष शुक्ला?
‘समाचार आज’ की पड़ताल में पिछले चार वर्षों के वे चार प्रमुख घटनाक्रम सामने आए हैं, जिन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली और वीआईपी संस्कृति पर गंभीर सवाल खड़े किए थे:
1. कोविड काल की सख्त पाबंदी को दरकिनार कर गर्भगृह की दहलीज तक पहुँचे (18 अगस्त 2021)
यह मामला वर्ष 2021 का है, जब समूचा देश कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बाद लागू सख्त प्रोटोकॉल से गुजर रहा था। 18 अगस्त 2021 को श्रावण मास के चौथे सोमवार के अवसर पर महाकाल मंदिर के गर्भगृह में आम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा हुआ था, ताकि संक्रमण न फैले। लेकिन, इन तमाम सरकारी आदेशों को ताक पर रखते हुए रुद्राक्ष शुक्ला न केवल प्रतिबंधित क्षेत्र पार कर गर्भगृह के मुख्य द्वार तक जा पहुँचे, बल्कि वहां खड़े होकर बाकायदा फोटो भी खिंचवाई, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी।
2. रंगपंचमी की भस्म आरती में नियम तोड़कर गर्भगृह के भीतर दिखे (12 मार्च 2023)
पहली घटना से सबक लेने के बजाय करीब डेढ़ साल बाद एक बार फिर वैसी ही तस्वीर सामने आई। 12 मार्च 2023 को रंगपंचमी पर भस्म आरती के दौरान का एक 26 सेकंड का वीडियो वायरल हुआ। उस समय भी आम भक्तों के लिए गर्भगृह के पट बंद थे और केवल पुजारियों को ही अंदर जाने की अनुमति थी। इसके बावजूद वायरल वीडियो में रुद्राक्ष शुक्ला मंदिर के पुजारियों के साथ गर्भगृह के भीतर मौजूद दिखाई दिए थे।
3. देवास की माता टेकरी पर आधी रात पट खुलवाने को लेकर मारपीट का आरोप (12 अप्रैल 2025)
विवादों का यह सिलसिला केवल उज्जैन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि देवास की प्रसिद्ध चामुंडा माता और तुलजा भवानी मंदिर (माता टेकरी) तक जा पहुँचा। 12 अप्रैल 2025 की रात करीब 12:40 बजे रुद्राक्ष शुक्ला अपने दोस्तों के काफिले के साथ माता टेकरी पहुँचे थे। चूंकि मध्यरात्रि होने के कारण मंदिर के पट बंद हो चुके थे, इसलिए उन्होंने कथित तौर पर दबाव बनाकर मंदिर खुलवाने की कोशिश की। आरोप है कि जब ड्यूटी पर मौजूद पुजारी के बेटे ने धार्मिक नियमों का हवाला देते हुए पट खोलने से इनकार किया, तो उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। इस दौरान वहां तैनात होमगार्ड के जवान से भी अभद्रता करने के गंभीर आरोप लगे थे।
4. श्रावण सोमवार को महाकाल मंदिर कर्मचारियों से कहासुनी और झूमाझटकी (21 जुलाई 2025)
पिछले वर्ष श्रावण मास के दूसरे सोमवार (21 जुलाई 2025) को भी महाकाल मंदिर में भारी हंगामा हुआ था। उस दिन विधायक गोलू शुक्ला अपनी कांवड़ यात्रा लेकर उज्जैन पहुँचे थे। भस्म आरती से ठीक पहले वे अपने पुत्र रुद्राक्ष और समर्थकों के साथ मंदिर परिसर में दाखिल हुए। जब विधायक गर्भगृह की ओर जाने लगे, तो रुद्राक्ष ने भी बिना अनुमति अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया। वहां तैनात मंदिर के कर्मचारियों ने नियमों का पालन करते हुए जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो विवाद बढ़ गया और कर्मचारियों के साथ कहासुनी व झूमाझटकी की नौबत आ गई। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन कलेक्टर ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय प्रशासनिक समिति का भी गठन किया था। जिसकी आज तक कोई जांच रिपोर्ट नहीं आई है।
एक नजर में: मंदिरों में हुए चारों प्रमुख विवादों का लेखा-जोखा
| दिनांक | धार्मिक स्थल | मुख्य विवाद एवं आरोप | प्रशासनिक / सामाजिक प्रतिक्रिया |
| 18 अगस्त 2021 | श्री महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन | कोविड प्रतिबंध के बावजूद गर्भगृह के गेट तक पहुँचकर फोटो खिंचवाई। | नियमों के उल्लंघन पर आम श्रद्धालुओं में नाराजगी। |
| 12 मार्च 2023 | श्री महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन | रंगपंचमी की भस्म आरती में प्रतिबंधित गर्भगृह के अंदर 26 सेकंड का वीडियो वायरल। | मंदिर समिति की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल। |
| 12 अप्रैल 2025 | माता टेकरी मंदिर, देवास | रात 12:40 बजे बंद पट खुलवाने का दबाव, पुजारी के बेटे से मारपीट व होमगार्ड से अभद्रता के आरोप। | देर रात वीआईपी हनक और अभद्रता को लेकर भारी विरोध। |
| 21 जुलाई 2025 | श्री महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन | कांवड़ यात्रा के दौरान गर्भगृह में जाने से रोकने पर मंदिर कर्मचारियों से झूमाझटकी। | कलेक्टर द्वारा जांच के लिए 3 सदस्यीय समिति का गठन। |
व्यवस्था पर बड़ा सवाल: हर बार निचले कर्मचारियों पर गाज, पर रसूखदारों पर कार्रवाई शून्य क्यों?
इन तमाम घटनाओं का विश्लेषण करने पर एक ही पैटर्न स्पष्ट रूप से उभर कर सामने आता है। चाहे 2021 का कोविड प्रोटोकॉल उल्लंघन हो, 2025 में देवास माता टेकरी पर आधी रात को हुई अभद्रता हो, या फिर ताजा चांदी द्वार रील प्रकरण—हर बार विवाद बढ़ने पर प्रशासन या तो जांच समिति बनाकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल देता है, या फिर ड्यूटी कर रहे छोटे सुरक्षा गार्ड्स को निलंबित कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेता है।
संत समाज और जागरूक नागरिकों का मानना है कि जब तक धार्मिक स्थलों पर वीआईपी संस्कृति और राजनीतिक दबाव के आगे झुकने की प्रवृत्ति बंद नहीं होगी, तब तक ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति होती रहेगी। महाकाल जैसे पवित्र ज्योतिर्लिंग की गरिमा बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि नियम सभी के लिए समान रूप से लागू हों, चाहे वह एक साधारण श्रद्धालु हो या किसी जनप्रतिनिधि का परिजन।
-
टीम समाचार आज @ उज्जैन



