उज्जैनदेश-दुनिया

निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर इंद्रदेव पर यौन शोषण की FIR

महामंडलेश्वर इंद्रदेव उज्जैन में बना रहे हैं बड़ा आश्रम, मुंबई पुलिस ने शुरू की जांच

उज्जैन। प्रतिष्ठित निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर इंद्रदेव से जुड़ा एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। उज्जैन के भूखी माता मंदिर मार्ग पर विशाल आश्रम और गौशाला का निर्माण करवा रहे निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर डॉ. इंद्रदेव महाराज के खिलाफ यौन उत्पीड़न, दुष्कर्म और धमकी देने का आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है।

पीड़ित महिला की शिकायत पर मुंबई पुलिस ने यह मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद भी एक्शन मोड में आ गई है। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमंत महंत रविंद्र पुरी महाराज ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि पंचों की बैठक के बाद आरोपी महामंडलेश्वर को अखाड़े से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।

सोशल मीडिया के जरिए संपर्क, फिर दीक्षा के नाम पर विश्वास हासिल करने का आरोप

‘समाचार आज’ को मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता मुंबई की रहने वाली है। महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह पारिवारिक समस्याओं और मानसिक शांति की तलाश में अक्सर धार्मिक कार्यक्रमों और कथा-सत्संग से जुड़ा करती थी। जनवरी 2023 के दौरान उसने फेसबुक पर ‘संत इंद्रदेव’ नाम के पेज पर महाराज के वीडियो देखना शुरू किए थे।

इसके बाद टीवी पर प्रसारित होने वाले सत्संग कार्यक्रमों से उसे महामंडलेश्वर का संपर्क नंबर मिला। अप्रैल 2023 में जब उसे जानकारी मिली कि मुंबई के सांताक्रुज (पूर्व) इलाके में महाराज का 7 दिवसीय कथा आयोजन चल रहा है, तब वह अपनी छोटी बेटी के साथ सत्संग सुनने पहुँची। इसी दौरान 13 अप्रैल 2023 को उसने महाराज से गुरु दीक्षा भी ले ली। इसके बाद दिसंबर 2023 में एक अन्य कार्यक्रम के दौरान महिला ने अपनी पारिवारिक परेशानियों का जिक्र महाराज से किया, जिस पर उन्होंने मदद का भरोसा देकर संपर्क में रहने और ‘सेवा’ करने की बात कही।

वीडियो कॉल पर अश्लीलता 

शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि संपर्क बढ़ने के साथ ही महामंडलेश्वर का व्यवहार बदलने लगा। जून 2024 में उसके मोबाइल पर महाराज का वीडियो कॉल आया। महिला का दावा है कि कॉलिंग के दौरान महाराज नग्न अवस्था में थे और उन्होंने ‘गुरु की आज्ञा’ का हवाला देते हुए उसे भी अनुचित कृत्य करने और कपड़े उतारने पर मजबूर करने की कोशिश की। करीब 15 से 20 मिनट तक अनर्गल बातचीत की गई। महिला के मुताबिक, ऐसी ही घटना नवंबर 2025 में भी दोहराई गई। जब भी वह इसका विरोध करने का प्रयास करती, धार्मिक दुहाई और गुरु-शिष्य के रिश्ते का दबाव बनाकर उसे चुप करा दिया जाता था।

वृंदावन के आश्रम में दुष्कर्म का आरोप

मामले में सबसे गंभीर मोड़ तब आया जब महिला ने वृंदावन स्थित आश्रम की घटना का खुलासा किया। दर्ज शिकायत के अनुसार, नवंबर 2025 में महिला अपनी बेटी के साथ उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित संत कॉलोनी स्थित ‘सेवाधाम आश्रम’ गई थी। वहां उसने 6 दिनों के लिए कमरा रुकने के उद्देश्य से लिया था।

महिला का आरोप है कि 4 नवंबर 2025 की देर रात करीब 10:30 बजे महामंडलेश्वर ने उसे फोन कर अपने निजी कक्ष में बुलाया। जैसे ही वह कमरे में पहुँची, दरवाजा बंद कर लिया गया और उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। घटना को अंजाम देने के बाद जब महिला रोती हुई अपने कमरे में लौटी, तो महाराज ने फोन करके उसके सुरक्षित कमरे तक पहुँचने की पुष्टि भी की।

न्यूजीलैंड की महिला से बातचीत और ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल होने का खौफ

घटनाक्रम में नया मोड़ अप्रैल 2026 में आया, जब आश्रम में मिली न्यूजीलैंड की एक बुजुर्ग महिला (उम्र करीब 60 वर्ष) से पीड़ित महिला की बातचीत हुई। व्हाट्सऐप कॉलिंग के दौरान विदेशी महिला ने आरोप लगाया कि महाराज नाड़ी परीक्षण और इलाज के बहाने महिलाओं को रात के समय अपने कमरे में बुलाते हैं।

इसके बाद मुंबई निवासी पीड़िता ने भी अपने साथ हुई आपबीती न्यूजीलैंड की महिला को बताई। विदेशी महिला के कहने पर पीड़िता ने अपने और महामंडलेश्वर के बीच हुई बातचीत के 7 से 8 ऑडियो रिकॉर्डिंग सबूत के तौर पर उसे भेज दिए। 

जब इस बात की भनक महामंडलेश्वर इंद्रदेव को लगी, तो उन्होंने पीड़िता को फोन कर जमकर धमकाया। आरोप है कि महाराज ने बदनामी का हवाला देते हुए खुदकुशी करने की धमकी दी और सोशल मीडिया पर मामला सामने आने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक तनाव के कारण महिला सहमी रही, लेकिन जून 2026 में दोबारा धमकी मिलने के बाद उसने हिम्मत जुटाकर मुंबई पुलिस की शरण ली।

अखाड़ा परिषद का कड़ा रुख: पंच परमेश्वर की बैठक में निष्कासन तय

इस हाई-प्रोफाइल मामले के सामने आने के बाद संत समाज में भारी रोष और हड़कंप व्याप्त है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी महाराज ने इस पूरे प्रकरण पर गहरा दुख और नाराजगी व्यक्त की है।

उन्होंने मीडिया को दिए अपने बयान में कहा:

“निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर इंद्रदेव पर एफआईआर दर्ज होने की सूचना मिली है। सनातन धर्म और अखाड़ा परंपरा में इस प्रकार के आचरण के लिए कोई स्थान नहीं है। अखाड़े के पंचों की जल्द ही एक आपातकालीन बैठक बुलाई जा रही है। औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें अखाड़े से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया जाएगा।”

उज्जैन में निर्माणाधीन आश्रम और भावी योजनाएं

गौरतलब है कि डॉ. इंद्रदेव महाराज उज्जैन के प्रसिद्ध भूखी माता मंदिर मार्ग पर कई बीघा जमीन में एक भव्य आश्रम और आधुनिक गौशाला का निर्माण करवा रहे थे। निरंजनी अखाड़े से महामंडलेश्वर की पदवी मिलने के बाद उनका प्रभाव और नेटवर्क काफी बढ़ गया था। लेकिन अब एफआईआर दर्ज होने के बाद उज्जैन पुलिस भी मुंबई पुलिस के संपर्क में है और आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर बनाए हुए है। मुंबई पुलिस की टीम जल्द ही साक्ष्यों के संकलन और पूछताछ के लिए आरोपी महामंडलेश्वर की तलाश में विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे सकती है। इस खबर के सामने आने के बाद से ही धार्मिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं गर्म हैं।

उज्जैन गैंग रेप केस: इंस्टाग्राम दोस्ती और मिलने की जिद, ऐसे खुला पूरा राज

Related Articles

Back to top button