लाड़ली बहना की राशि जल्दी ही बढ़ेगी, 3000 रुपए तक पहुंचेगी
लाड़ली बहना की राशि बढ़ाने के संकेत सीएम डॉ. मोहन यादव ने नवाखेड़ा में दिये, चिंतामण गणेश मंदिर पर सिंदूर का पौधा रौपा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना ladli bahna yojna की राशि बढ़ाकर ३ हजार रुपए तक करने के संकेत दिये हैं। उज्जैन में शुक्रवार 6 जून 2025 को नवाखेड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि शासन द्वारा किसानों और महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहें हैं। आने वाले समय में लाड़ली बहना योजना के तहत लाडली बहनों को दी जाने वाली राशि में वृद्धि की जाएगी तथा इसे बढ़ा कर 3000 रुपए प्रतिमाह तक किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शुक्रवार को उज्जैन विकासखण्ड के ग्राम नवाखेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में 94 करोड़ 01 लाख रुपए की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने इस अवसर पर कहा कि आज इस कार्यक्रम में 90 करोड़ रू की लागत से अधिक के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया गया है। इसमें विभिन्न नए मार्गों का निर्माण किया जाएगा शासन द्वारा गांवो को जोडऩे के लिए तथा आवागमन को सुगम बनाने के लिए निरंतर सडक़ो का निर्माण करवाया जा रहा है।
सिंहस्थ में भीड़ नियंत्रण के लिए स्टडी कर रहा है IIM इंदौर
उज्जैन, देवास, धार और शाजापुर जल्दी बनने वाले हैं मेट्रोपोलिटन सिटी
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कार्यक्रम मेें कहा कि इंदौर, उज्जैन, देवास, धार और शाजापुर के क्षेत्र को मिलाकर मेट्रोपोलिटन सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। वर्तमान में नदियों को जोडऩे का कार्य किया जा रहा है। खेत-खेत तक नर्मदा नदी का पानी पहुंचाया जा रहा है। वर्तमान में 55 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हो रही है। प्रदेश में लगभग 30 मेडिकल कॉलेज का संचालन किया जा रहा है आने वाले समय में इन्हें बढ़ाकर 50 किया जाएगा। सभी किसानों को सोलर पंप प्रदाय किए जाऐंगे तथा बिजली के बिल से मुक्ति दिलवाई जाएगी। मध्यप्रदेश में प्रति व्यक्ति की आय में भी वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कार्यक्रम में मौजूद सभी अतिथियों और नागरिकों को प्रदेश को विकसित करने में अपना योगदान देने का संकल्प दिलवाया। कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालुहेड़ा, नगर निगम सभापति कलावती यादव, जनपद पंचायत उज्जैन अध्यक्ष भंवरबाई चौधरी, राजेन्द्र भारती, संजय अग्रवाल, एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे। मुख्यमंत्री के द्वारा हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत सदस्य शोभाराम मालवीय ने किया और स्वागत भाषण और आभार प्रदर्शन वीरेन्द्र आंजना ने किया।
इन कार्यों का भूमिपूजन किया सीएम डॉ. मोहन यादव ने
- लोकनिर्माण विभाग के अंतर्गत 44.40 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नवाखेड़ा से निनोरा-किठौदा-मताना-सेवरखेड़ी-आलमपुर उडाना मार्ग, छायन से करोहन व्हाया गोंदिया मार्ग, पुलिस चौकी रामवासा से मतानाखुर्द मार्ग, मतानाखुर्द से कल्याणपुरा मार्ग, मतानाखुर्द से पंथपिपलई मार्ग, राघौपिपलिया पंचक्रोशी मार्ग से जमालपुरा मार्ग और चंदुखेड़ी से सिलोदारावल, इल्यासखेड़ी, अंबोदिया मार्ग का भूमि पूजन किया गया।
- राजस्व विभाग के अंतर्गत 43.88 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले संयुक्त तहसील कार्यालय माकड़ोन, उज्जैन नगर, खाचरौद और संयुक्त अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय, उज्जैन ग्रामीण एवं उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत बनने वाले शासकीय महाविद्यालय बडऩगर का भूमि पूजन किया।
- जल गंगा संर्वधन अभियान के अंतर्गत पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत 5.73 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले 23 अमृत सरोवरों का भी भूमिपूजन किया गया।
चिंतामण गणेश मंदिर पर लक्ष्मण बावड़ी उत्सव में शामिल हुए सीएम, सिंदूर का पौधा रौपा
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शुक्रवार ६ जून २०२५ की सुव जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत उज्जैन के श्री चिंतामण गणेश मंदिर परिसर स्थित लक्ष्मण बावड़ी से बावड़ी उत्सव में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ यादव द्वारा कार्यक्रम में बूंद सहेजे बावड़ी पुस्तक का विमोचन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि भगवान श्री चिंतामण गणेश के आशीर्वाद से देश प्रदेश विकास की नई ऊंचाईयों पर पहुंचे। उज्जैन में आयोजित की गई वेलनेस समिट में हजारों करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। उज्जैन देश विदेश के लिए मानसिक शांति, आध्यात्म, वेलनेस केयर का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। सिंहस्थ 2028 दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उज्जैन इंदौर नया फोरलेन पर भी कार्य किया जा रहा है । चिंतामण गणेश रेलवे स्टेशन का उन्नयन भी किया जाएगा।
सीएम ने सिंहस्थ के कार्यों की जानकारी दी
मां शिप्रा को कान्ह क्लोज़ डक्ट परियोजना और सेवारखेड़ी सिलारखेड़ी परियोजना से स्वच्छ, निर्मल और प्रवाहमान किया जा रहा है , जिससे सिंहस्थ स्नान मां शिप्रा के जल से हो सकेगा। सभी देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का संपूर्ण ध्यान रखने के लिए नवीन शिप्रा घाटों का निर्माण किया जा रहा है और सभी सुविधा श्रद्धालुओं को सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। सम्पूर्ण प्रदेश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से 30 मार्च से 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है जिसमें संपूर्ण प्रदेश में जल संरक्षण का संदेश,जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार और भू जल स्तर में सुधार पर कार्य कर जल की एक एक बूंद को संरक्षित करने के उपाय किये गये हैं।
Spiritual and Wellness Summit 2025 में 1950 करोड़ रुपए निवेश प्रस्ताव
जन अभियान परिषद ने दी अभियान की जानकारी
जनअभियान परिषद ने बताया कि डॉ यादव के नेतृत्व में संपूर्ण अभियान में परिषद के प्रयासों से 36 लाख 34 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हुई है। परिषद् द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत 30 मार्च से 05 जून तक किये गये कार्यों की संख्यात्मक जानकारी दी गई जिसमें 2139 बावड़ी सफाई , 4254 तालाब सफाई , 3468 नदी घाट सफाई ,15913 जल संगोष्ठी,1677 नुक्कड़ नाटक, दीवार लेखन आदि कार्य किए गए है।
वेद ऋचाओं की गूंज के बीच श्रीगणेश का पूजन
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और बटुकों द्वारा मंत्रोचार कर की गई। वेद ऋचाओं की गूंज के बीच मुख्यमंत्री डॉ यादव ने भगवान श्री चिंतामण गणेश का पूजन किया। पूजन श्री गणेश गुरु द्वारा संपन्न करवाया गया।कार्यक्रम में गणपति अथर्वशीष का पाठ भी किया गया। मुख्यमंत्री डॉ यादव द्वारा बावड़ी उत्सव अंतर्गत लक्ष्मण बावड़ी का पूजन भी किया गया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री डॉ यादव ने एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत चिंतामण गणेश मंदिर परिसर में सिंदूर के पौधे का रोपण किया। कार्यक्रम का संचालन पीयूष त्रिपाठी ने किया और आभार संभाग समन्वयक शिव प्रसाद मालवीय ने माना। कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति कलावती यादव,जनप्रतिनिधि संजय अग्रवाल, रवि सोलंकी, चिंतामण गणेश मंदिर प्रशासक अभिषेक शर्मा, पुजारी राजेश गुरू, जन अभियान परिषद के कार्यपालक निर्देशक डॉ बकुल लाड़, सदस्य श्रीमती अजीता परमार,जिला समन्वयक देवेंद्र शर्मा मौजूद थे।