मध्यप्रदेश

इंदौरी दुल्हन फरार, उज्जैनी दूल्हा करता रहा इंतजार

समाचार आज। उज्जैन

इंदौर से शादी के मंडप से एक दुल्हन के फरार होने का मामला सामने आया है। दुल्हन मैकअप के लिए ब्यूटी पार्लर गई तो वहां से लौटी ही नहीं। बारात उज्जैन से गई थी। मामले की जानकारी लगते ही वर पक्ष के लोग एमजी रोड थाने पहुंचे और दुल्हन की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

इंदौर के चिमनबाग क्षेत्र के उषा फाटक की यह घटना बताई गई है। यहां निवासी रोशनी पिता विनोद डागर का विवाह बुधवार को होना तय था। शादी की पूरी तैयारी हो चुकी थी। उज्जैन से बारात भी आ चुकी थी। इसी बीच दुल्हन रोशनी तैयार होने के लिए ब्यूटी पार्लर गई और वहां से लौटी ही नहीं। देर रात तक इंतजार के बाद भी जब रोशनी नहीं लौटी तो थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट की गई।

सूत्रों के मुताबिक बुधवार दोपहर में रोशनी की सगाई हुई। शाम को शादी थी। रोशनी ब्यूटी पार्लर गई थी। परिवार वालों को बेटी के एक मित्र पर शंका है। उनका कहना है कि बेटी के एक दोस्त आकाश का अक्सर घर में आना-जाना रहता था। वह भी नहीं दिख रहा था। उसे ढूंढा तो वो भी गायब था। परिजनों का कहना है कि आकाश तो रोशनी का भाई जैसा था। हम उस पर पूरा भरोसा करते थे। उन दोनों का फोन बंद आ रहा है। रोशनी को आकाश ही लेकर गया है। अन्नपूर्णा थाना पुलिस के मुताबिक 6 घंटे बीतने के बाद भी जब दुल्हन नहीं लौटी तो दूल्हा और उसके परिजन 12 बजे एमजी रोड थाने पहुंचे, लेकिन युवती अन्नपूर्णा क्षेत्र से लापता हुई है, इसलिए यहां रिपोर्ट लिखाने को कहा गया। दुल्हे का नाम जितेंद्र डागर, उज्जैन है। दूल्हे के चाचा ने एमजी रोड थाने में गुमशुदगी का आवेदन दिया है। इसके बाद दूल्हा अन्नपूर्णा थाने पहुंचा। कुछ देर बाद दुल्हन के परिजन भी अन्नपूर्णा थाने पहुंचे। दुल्हन की तलाश की जा रही है। वह जिन सहेलियों के साथ मेकअप कराने निकली थी, उनसे भी पूछताछ की जाएगी। कॉल डिटेल भी निकलवा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button