मध्यप्रदेश

देश की बड़ी हस्तियां उज्जैन में चर्चा करेंगी लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका पर

गुड़ी पड़वा से दो दिवसीय युवा संसद का आयोजन

समाचार आज। उज्जैन

लोकतान्त्रिक मूल्यों में आस्था, सामाजिक एवं राजनैतिक क्षेत्र में युवाओं की सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका के मद्देनजऱ, युवा पीढ़ी प्रत्यक्ष रूप से भारतीय लोकतान्त्रिक प्रणाली को समझे, इसके उन्नयन-विकास में सक्रिय रूप से भागीदारी दे आदि उद्देश्य के साथ प्रतिवर्ष भारतीय युवा संसद का आयोजन किया जाता है।

इसी उद्देश्य को विस्तार देते हुए लोकतंत्र:युवाओं की सहभागिता विषय पर दो-दिवसीय भारतीय युवा संसद का आयोजन 2 और 3 अप्रैल को विक्रम कीर्ति मंदिर में किया जाएगा। यह आयोजन विक्रम विश्वविद्यालय, माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय, महर्षि पाणिनि संस्कृत विश्वविद्यालय, महाकालेश्वर मन्दिर समिति, मध्यप्रदेश सामाजिक विज्ञान अनुसन्धान केन्द्र, जल संसद और ईटीवी भारत के संयुक्त तत्वावधान से मीडिया फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। आयोजन में 20 से अधिक राज्यों के 400 युवा विद्यार्थियों की सहभागिता होगी।

आयोजन में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचन्द गेहलोत, केन्द्रीय राज्य मन्त्री गृह एवं युवा मामला मन्त्रालय निशीथ प्रामाणिक, मध्यप्रदेश विधानसभाध्यक्ष गिरीश गौतम, राजस्थान विधानसभाध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल, हिमाचल प्रदेश विधानसभाध्यक्ष विपिन परमार, असम विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. नुमाल मोमिन, छत्तीसगढ़ विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज सिंह मंडावी, मध्यप्रदेश सरकार के शिक्षा मन्त्री डॉ. मोहन यादव, उद्योग मन्त्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री उषा ठाकुर, बिहार सरकार के पथ निर्माण मन्त्री नितिन सिन्हा, पूर्व केन्द्रीय मन्त्री सचिन पायलट, महाकाल गादीपति महन्त विनीत गिरी, राष्ट्रीय चिन्तक के एन गोविन्दाचार्य, मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद बीडी शर्मा, राजस्थान भाजपा अध्यक्ष डॉ.सतीश पुनिया, उज्जैन के सांसद अनिल फिरोजिया, अंडमान- निकोबार के सांसद कुलदीप शर्मा, अरुणाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष निनोंग इरिंग, पूर्व सांसद रघुनन्दन शर्मा, मणिपुर के पूर्व शिक्षा मन्त्री थोकचोम राधेश्याम, सेवादल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष महेन्द्र जोशी, प्रदेश सरकार के पूर्व शहरी विकास मन्त्री जयवर्द्धन सिंह, मध्यप्रदेश विधानसभा की पूर्व उपाध्यक्ष हिना कावरे, एनसीआरटी के निदेशक प्रो. दिनेश सकलानी, असम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजीव मोहन पन्त, माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल के कुलपति प्रो.के जी सुरेश तथा डॉ. अवधेश पुरी शामिल हैं। आयोजन में सहभागी प्रतिभागियों हेतु आयोजन सहभागिता प्रमाण-पत्र मध्यप्रदेश विधानसभा के चिन्ह सहित विधानसभा अध्यक्ष द्वारा हस्ताक्षरित होंगे। प्रतिभागियों हेतु महाकाल दर्शन-प्रसाद हेतु विशेष व्यवस्था महाकाल मन्दिर समिति द्वारा होगी। आयोजन में कुम्भ नगरी स्मार्ट सिटी-उज्जैन, नगर निगम-उज्जैन एवं जिला प्रशासन के विभिन्न प्रॉजेक्ट की जानकारी भी उपलब्ध होगी।

आयोजन के दौरान सभी प्रतिभागियों को दो कम्युनिकेशन वर्कशॉप, दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव सत्र, प्रश्न काल के अतिरिक्त विभिन्न विचारधाराओं के प्रतिनिधियों, मंत्रियों के साथ ही विधानसभा अध्यक्षों के साथ सीधे संवाद का मौका होगा। मालवा अंचल में युवाओं से सीधे तौर पर जुड़ा यह प्रथम आयोजन हैं, जिसमें युवाओं को केन्द्र में रख कर आयोजन की रूपरेखा तैयार की गयी हैं।

Related Articles

Back to top button