उज्जैन में शर्मनाक वारदात: आधी रात घर में घुसा पड़ोसी, मासूम से की अश्लीलता
पिता गए थे काम पर, खुला दरवाजा देख आया पड़ोसी; चीख सुनकर जागी मां

उज्जैन (मध्य प्रदेश)। उज्जैन के जीवाजीगंज थाना क्षेत्र में 7 साल की मासूम बच्ची के साथ आधी रात को अश्लीलता करने वाले पड़ोसी आरोपी अब्दुल रशीद को पुलिस ने सुबह गिरफ्तार कर लिया। पढ़ें पूरी खबर।
जूना सोमवारिया इलाके में आधी रात को घर में घुसकर एक 7 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने वाले पड़ोसी को पुलिस ने शनिवार 17 अक्टूबर 2026 सुबह गिरफ्तार कर लिया है। जीवाजीगंज थाना प्रभारी प्रतीक शर्मा के अनुसार, जूना सोमवारिया स्थित ‘हाथी का टेकरा’ क्षेत्र में जावरा निवासी एक श्रमिक परिवार किराए के मकान में रहता है। परिवार के सदस्य पुराने मकानों को तोड़ने में मजदूरी का काम करते हैं।
शुक्रवार 16 अक्टूबर 2026 की रात परिवार का मुखिया मजदूरी पर गया हुआ था। घर पर उसकी पत्नी, 7 साल की बेटी और बुजुर्ग मां सो रही थीं। पति के देर रात लौटने के इंतजार में पत्नी ने मुख्य दरवाजा खुला छोड़ दिया था।
मां के जागते ही भागा, पुलिस ने रात में ही घेरा
रात करीब 12 बजे पड़ोस में ही रहने वाला 40 वर्षीय अब्दुल रशीद (पिता वाहिद) चुपचाप घर के अंदर दाखिल हो गया। आरोपी ने सो रही मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। बच्ची की घबराहट और आवाज सुनकर पास सो रही मां की नींद खुल गई। महिला को जागता देख आरोपी मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी प्रतीक शर्मा का बयान:“घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम को तुरंत अलर्ट किया गया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम रवाना की गई। पुलिस की मुस्तैदी से शनिवार सुबह आरोपी अब्दुल रशीद को हिरासत में ले लिया गया। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।”



