सिंहस्थ 2028 : महाकुंभ हैकाथॉन का ग्रैंड फिनाले , 16 लाख के इनाम, 11 राज्यों की 36 टीमें

उज्जैन , 8 अक्टूबर: सिंहस्थ 2028 को तकनीकी रूप से विश्वस्तरीय बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी क्रम में, ‘उज्जैन महाकुंभ हैकाथॉन-2025’ का ग्रैंड फिनाले 8 अक्टूबर) से भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER), भोपाल में आयोजित हो रहा है।
इस दो दिवसीय इवेंट में देश के 11 राज्यों से चुनी गईं 36 टीमें अपने इनोवेटिव प्रोटोटाइप पेश करेंगी। सरकार का मुख्य फोकस सुरक्षा, स्मार्ट मोबिलिटी, स्वास्थ्य और डिजिटल सुविधाओं को बेहतर बनाने पर है, ताकि लाखों श्रद्धालुओं का अनुभव यादगार बन सके।
देश भर से मिला ज़बरदस्त रिस्पॉन्स
जून 2025 में शुरू हुए इस हैकाथॉन में देश भर से शानदार प्रतिक्रिया मिली। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के अनुसार, 11 राज्यों (मध्य प्रदेश, कर्नाटक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात, बिहार, ओडिशा, तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल और आंध्रप्रदेश) से 1,726 रजिस्ट्रेशन आए थे।
- इंडस्ट्री, स्टार्टअप्स और शिक्षा क्षेत्र के प्रतिभागियों में से गहन मूल्यांकन के बाद 36 सर्वश्रेष्ठ टीमों को ग्रैंड फिनाले के लिए चुना गया है।
ये हैं 4 फोकस एरिया, जिन पर खोजे जा रहे समाधान
IISER में जूरी के सामने पेश किए जाने वाले ये प्रोटोटाइप चार प्रमुख क्षेत्रों में सिंहस्थ की जटिल चुनौतियों का समाधान पेश करेंगे:
- स्मार्ट मोबिलिटी और एक्सेस मैनेजमेंट: भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन को आसान बनाने के लिए तकनीकी समाधान।
- सुरक्षा, निगरानी और आपातकालीन प्रतिक्रिया: लाखों लोगों की उपस्थिति में बेहतर सुरक्षा और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई।
- स्वास्थ्य और स्वच्छता प्रबंधन: महाकुंभ क्षेत्र में सफाई और कुशल स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना।
- डिजिटल अनुभव और सांस्कृतिक विसर्जन: तीर्थयात्रियों के लिए डिजिटल सुविधाएं और समृद्ध सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करना।
विजेताओं को मिलेंगे लाखों के नकद पुरस्कार
यह हैकाथॉन नवाचार के साथ परंपरा को सशक्त बनाने का एक अनूठा अवसर है। ग्रैंड फिनाले के अंत में, शीर्ष तीन टीमों को कुल 16 लाख के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा:
- पहला स्थान: 8 लाख
- दूसरा स्थान: 5 लाख
- तीसरा स्थान: 3 लाख
यह पहल दिखाती है कि मध्य प्रदेश सरकार सिंहस्थ 2028 को टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से वैश्विक स्तर पर सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।



