उज्जैन

अतिथि शिक्षक की सरेआम पिटाई, वीडियो वायरल

अतिथि शिक्षक द्वारा विद्यार्थियों को पाइप से पीटने से नाराज थे परिजन

 

उज्जैन/खरसौदकला: उज्जैन के पास खरसौदकला में एक हायर सेकेंडरी स्कूल के अतिथि शिक्षक को सरेआम पीटने का मामला सामने आया है। शिक्षक द्वारा छात्र-छात्राओं को डंडे (पाइप) से पीटने से नाराज ग्रामीणों और अभिभावकों ने शिक्षक को पकड़कर जमकर पीटा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

26 बच्चों को पाइप से पीटा था शिक्षक ने

यह मामला खरसौदकला के हायर सेकेंडरी स्कूल का है। अतिथि शिक्षक सादिक शेख पर 10वीं कक्षा के 26 बच्चों को पाइप से पीटने का आरोप है। बच्चों ने बताया कि मंगलवार को पेपर के दौरान शिक्षक सादिक शेख बाहर चले गए थे। इस बीच कुछ बच्चों ने कॉपी निकालकर नकल शुरू कर दी। अगले दिन बुधवार को यह बात पता चलने पर शिक्षक ने क्लास के सभी 26 बच्चों को पाइप से बेरहमी से पीट दिया। शिक्षक की इस पिटाई से दो बच्चों के पैरों में सूजन आ गई, जिसके बाद पिटाई की बात गांव में फैल गई।

परिजन ने पकड़कर फाड़ दिए कपड़े

पिटाई की खबर से गुस्साए परिजनों ने आरोपी शिक्षक सादिक शेख को गुरुवार को स्कूल में ही पकड़ लिया। इस दौरान शिक्षक माफी मांगता रहा, लेकिन नाराज परिजनों ने उसकी एक न सुनी और जमकर पिटाई कर दी, उस पर थप्पड़ बरसाए गए और गुस्साए लोगों ने उसके कपड़े तक फाड़ दिए। पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो में परिजन आरोपी शिक्षक को पीटते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने शिक्षक को भीड़ से बचाकर अलग किया। हालांकि, शाम तक किसी भी पक्ष ने पुलिस में मामला दर्ज नहीं कराया था। इधर, मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) आनंद शर्मा ने जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने शिकायत मिलने पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।

सीएम यादव ने लाड़ली बहनों को 1250 रुपए ट्रांसफर किए, अगली किस्त से मिलेंगे 1500

Related Articles

Back to top button