मध्यप्रदेशउज्जैन

महाकाल की हेरिटेज होटल के नाम पर धोखाधड़ी, पुलिस ने ठगी के शिकार यात्री को ₹30,500 वापस दिलवाए

महाकाल दर्शनार्थी ने हेरिटेज होटल की बुकिंग के लिए फर्जी बेवसाइट से कर दिया था पेमेंट

उज्जैन: हेरिटेज होटल में बुकिंग के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक मामले में महाकाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पीड़ित यात्री को बड़ी राहत दी है। पुलिस की तत्परता और बैंक के साथ बेहतर समन्वय के चलते, फर्जी वेबसाइट के माध्यम से ठगे गए ₹30,500/- की राशि को समय रहते पीड़ित के खाते में वापस कराया गया। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए होटल प्रबंधन और पीड़ित ने पुलिस का आभार व्यक्त किया है। इसके पहले भी हेरिटेज होटल केनाम पर दर्जनों दर्शनार्थियों से धोखाधड़ी की घटनाएं हो चुकी हैं।

फर्जी वेबसाइट से होटल बुकिंग

यह घटना 10 अक्टूबर 2025 की है। मेघराज लामा नामक व्यक्ति महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आए थे और उन्होंने “सम्राट विक्रमादित्य द हेरिटेज होटल” की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग की। ऑनलाइन माध्यम से उन्होंने कुल ₹30,500/- का भुगतान किया। भुगतान के बाद, जब मेघराज लामा ने सीधे होटल से संपर्क किया, तो उन्हें पता चला कि उनके नाम से कोई बुकिंग प्राप्त नहीं हुई है। तब उन्हें ज्ञात हुआ कि उन्होंने एक फर्जी वेबसाइट के माध्यम से बुकिंग की थी और वह धोखाधड़ी का शिकार हो चुके हैं।

पुलिस की तत्परता से भुगतान रुका

धोखाधड़ी की जानकारी सबसे पहले म.प्र. राज्य पर्यटन विकास निगम के रेवेन्यू मैनेजर श्री सोनू त्यागी को दी गई, जिन्होंने तत्काल होटल प्रबंधक को सूचित किया। होटल प्रबंधक ने घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) राहुल देशमुख और महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल को जानकारी दी।  थाना प्रभारी गगन बादल ने बिना देर किए एक पुलिस टीम गठित की और तुरंत पीड़ित के बैंक खाते से संपर्क कर भुगतान को रोके जाने (Stop Payment) की कार्यवाही शुरू की।  पुलिस और बैंक के त्वरित समन्वय से यह राशि समय रहते फ्रीज कर दी गई, जिससे धोखेबाज उसे निकाल नहीं पाए। कुछ समय बाद मेघराज लामा को उनकी पूरी ₹30,500/- की राशि वापस प्राप्त हो गई।

महाकाल पुलिस की इस जनहितैषी और त्वरित कार्रवाई से प्रभावित होकर होटल सम्राट विक्रमादित्य हेरिटेज होटल उज्जैन के प्रबंधक ने पुलिस अधीक्षक उज्जैन को एक प्रशंसा पत्र भेजा है, जिसमें थाना प्रभारी निरीक्षक गगन बादल और उनकी टीम (सउनि चंद्रभान सिंह चौहान और अन्य) की विशेष सराहना की गई है। थाना महाकाल पुलिस अब फर्जी वेबसाइट की पहचान कर उसे बंद करवाने के लिए साइबर विशेषज्ञों की सहायता से आगे की कार्यवाही कर रही है।

पुलिस की अपील:

थाना महाकाल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन बुकिंग के लिए केवल सत्यापित और अधिकृत वेबसाइट/ऐप का ही उपयोग करें। संदिग्ध वेबसाइटों पर भुगतान करने से पहले संबंधित संस्थान से फोन या ईमेल द्वारा पुष्टि अवश्य करें। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या निकटतम थाने में दें।

 

महाकाल के पास करोड़ों का हेरिटेज होटल, पर पर्यटक पहुंचें कैसे?

Related Articles

Back to top button