मायके में रह रही महिला की कुएं में मिली लाश

पति से अलग मायके में रह रही थी, भाई तलाश में निकले तो घटना का चला पता
उज्जैन। मक्सी रोड स्थित शंकरपुर के पंचकुआं क्षेत्र में एक विवाहिता का शव कुएं में मिला है। मृतका पिछले एक साल से मायके में ही रह रही थी और गुरुवार शाम को अचानक लापता हो गई थी। जब भाई उसकी तलाश में निकले, तो घर से कुछ दूर स्थित कुएं में उसका शव मिला। प्रारंभिक जाँच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, वहीं मृतिका के भाई ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पंचकुआं निवासी रानी (27) पत्नी विनोद मोरी गुरुवार शाम को अचानक घर से कहीं चली गई थी और काफी देर तक वापस नहीं लौटी। भाई आकाश और दिलीप मकवाना को खोजबीन के दौरान घर से कुछ दूर स्थित कुएं के पास रानी की चप्पल दिखाई दी। जब कुएं के अंदर झाँककर देखा, तो रानी का शव पानी में तैरता दिखाई दिया। पंवासा थाना प्रभारी गमरसिंह मंडलोई ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है। फिलहाल प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और जाँच कर रही है।
भाई ने लगाए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप
मृतिका के भाई आकाश ने बताया रानी की शादी वर्ष 2021 में सांवेर के पास स्थित ग्राम धतुरिया में हुई थी। आरोप है कि करीब दो साल पहले ससुराल पक्ष के एक व्यक्ति ने घर में घुसकर उसके साथ गलत कृत्य किया था। इस मामले की शिकायत सांवेर थाने में दर्ज कराई गई थी, लेकिन ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर दबाव बनाकर समझौता करवा लिया था और आरोपी पक्ष से 12 लाख रुपए ले लिए थे। इसके बाद, करीब एक साल पहले उसे घर से बाहर निकाल दिया गया, जिसके बाद से वह उज्जैन स्थित मायके में ही रह रही थी।
रानी ने उज्जैन में अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ भरण-पोषण का केस दर्ज करवा रखा था। इस मामले में दो दिन पहले ही कोर्ट में पेशी (तारीख) थी, जो आगे बढ़कर एक महीने बाद की हो गई थी। इस वजह से मृतिका पिछले कुछ दिनों से काफी मानसिक तनाव और परेशानी में चल रही थी।



