एशिया कप फाइनल: दुबई में 1 घंटे का ‘ट्रॉफी ड्रामा’! PCB प्रमुख मोहसिन नक़वी क्यों ले भागे थे एशिया कप की ट्रॉफी?

दुबई। भारत ने रविवार 28 सितंबर को जब पाकिस्तान को हराकर एशिया कप 2025 का फाइनल जीता, तो मैदान पर जश्न का माहौल था। लेकिन दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम के भीतर, जीत के बाद का एक घंटे तक एक ऐसा ड्रामा शुरू हुआ, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। जहाँ भारतीय टीम अपनी एशिया कप में नौवीं जीत का जश्न मना रही थी, वहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी और टीम इंडिया के बीच एक बड़ा टकराव पैदा हो गया।
आखिर ऐसा क्या हुआ कि जीतने वाली टीम को उनकी ट्रॉफी के लिए घंटों इंतज़ार करना पड़ा, और अंत में उन्हें हवा में ही “ट्रॉफी” उठाकर जश्न मनाना पड़ा? जानिए इस पूरे विवाद की कहानी।
प्रेजेंटेशन में देरी
दरअसल आखिर पारी में भारतीय बल्लेबाज रिंकू सिंह ने जैसे ही विनिंग रन बनाकर भारत को शानदार जीत दिलाई, भारतीय खिलाड़ी खुशी से झूम उठे। लेकिन जहाँ उन्हें सीधे पोडियम पर ट्रॉफी लेने जाना था, वहाँ एक अजीब शांति छा गई।
पाकिस्तान टीम का रिएक्शन
फाइनल में हार के तुरंत बाद, सलमान अली आगा की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम सीधे अपने ड्रेसिंग रूम में गई और खुद को अंदर बंद कर लिया।
एक घंटे का इंतज़ार
भारतीय क्रिकेटर्स और कोचिंग स्टाफ इस दौरान ब्रॉडकास्टर्स से बात करते रहे, जबकि पाकिस्तानी टीम ने लगभग एक घंटे तक पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन को रोक कर रखा। यह देरी ही पूरे विवाद की नींव बनी।
भारत ने क्यों ठुकराया ACC अध्यक्ष का निमंत्रण
विवाद का मुख्य कारण बना PCB अध्यक्ष और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के प्रमुख मोहसिन नक़वी का रवैया। नक़वी पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं, और दोनों देशों के मौजूदा तनावपूर्ण रिश्तों के बीच, भारतीय टीम ने एक कड़ा रुख अपनाया।
टीम इंडिया का स्टैंड
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय टीम ने साफ कर दिया कि वे मोहसिन नक़वी के हाथों से एशिया कप की ट्रॉफी और मेडल स्वीकार नहीं करेंगे।
विकल्प की मांग: भारतीय टीम ने ACC अधिकारियों से ट्रॉफी संयुक्त अरब अमीरात (UAE) क्रिकेट बोर्ड के उपाध्यक्ष खालिद अल ज़ारूनी के हाथों से लेने का अनुरोध किया।
ACC का इनकार: भारतीय टीम के इस अनुरोध को एशियाई क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने खारिज कर दिया, जिससे तनाव और बढ़ गया।
मोहसिन नक़वी और ‘ट्रॉफी का गायब होना
जब ACC अधिकारियों ने भारतीय टीम के इनकार के बारे में नक़वी को बताया, तो माहौल गरमा गया।
नक़वी का आदेश: खबरों के अनुसार, मोहसिन नक़वी अपनी बात पर अड़े रहे कि मेडल वे ही देंगे। जब बात नहीं बनी, तो उन्होंने कथित तौर पर एशिया कप की ट्रॉफी और सभी मेडल लेकर जाने का निर्देश एशियाई क्रिकेट काउंसिल के अधिकारियों को दिया।
फैंस का गुस्सा: जैसे ही नक़वी प्रेजेंटेशन स्टेज के पास आए, स्टेडियम में मौजूद भारतीय समर्थकों ने उन्हें बुरा-भला कहा और “भारत माता की जय” के नारे लगाए।
प्रस्तुति रद्द
अंत में, कमेंटेटर साइमन डॉल ने घोषणा की, “ACC ने मुझे सूचित किया है कि भारतीय क्रिकेट टीम आज रात अपने पुरस्कार स्वीकार नहीं करेगी।” इसके बाद नक़वी सहित सभी ACC अधिकारी स्टेडियम से बाहर चले गए।
‘काल्पनिक ट्रॉफी‘ के साथ चैंपियंस का जश्न
ट्रॉफी गायब होने के बावजूद, चैंपियन टीम इंडिया ने अपना हौसला नहीं खोया।
विजेता भारतीय टीम के खिलाड़ी और कोचिंग स्टाफ धैर्यपूर्वक ट्रॉफी का इंतजार करते रहे। ग्राउंड्समैन दो बार ‘चैंपियंस’ का प्लेकार्ड लेकर आए और फिर उसे वापस ले गए।

SKY का मज़ाक: कप्तान सूर्यकुमार यादव (SKY) सबसे पहले पोडियम पर चढ़े और सेल्फी ली। इसके बाद पूरी टीम ने एक साथ ‘काल्पनिक ट्रॉफी’ (Imaginary Trophy) उठाकर जश्न मनाया। SKY ने रोहित शर्मा के टी20 वर्ल्ड कप 2024 की प्रसिद्ध वॉक की नकल भी की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कटाक्ष: सूर्यकुमार यादव ने बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस में ACC की आलोचना करते हुए कहा, “मैंने कभी नहीं देखा कि एक चैंपियन टीम को उसकी कड़ी मेहनत से जीती हुई ट्रॉफी देने से मना कर दिया जाए।” वहीं, अभिषेक शर्मा ने मज़ाकिया लहजे में कहा, “हमें ट्रॉफी मिल गई थी—सूर्य भाई उसे लेकर आए! हमने उसका वज़न भी महसूस किया!”
भारत का कड़ा विरोध और भविष्य की रणनीति
भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने PCB के इस कदम को “अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और खेल भावना के खिलाफ” बताया।
BCCI का बयान: उन्होंने कहा, “यह हमारा स्टैंड था कि हम उस देश के अध्यक्ष से एशिया कप 2025 की ट्रॉफी स्वीकार नहीं करेंगे, जिसके साथ हमारे संबंध ठीक नहीं हैं। लेकिन इससे उन्हें ट्रॉफी और मेडल ले जाने का कोई अधिकार नहीं मिल जाता। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।”
ICC में शिकायत
BCCI ने यह भी घोषणा की कि एशिया कप जीतकर मिली ट्रॉफी और मेडल जल्द से जल्द भारत को लौटाए जाने चाहिए और वे नवंबर में दुबई में होने वाले ICC सम्मेलन में इस असम्मानजनक व्यवहार पर गंभीर विरोध दर्ज कराएंगे।
यह घटना न केवल खेल की दुनिया में बल्कि कूटनीतिक स्तर पर भी दोनों देशों के बीच तनाव को दर्शाती है।



