उज्जैनदेश-दुनिया

महाकाल मंदिर में भीड़ का फायदा उठाने पहुंचे बदमाश, गणेश मंडप में महिला की चेन काटते सुरक्षाकर्मियों ने रंगे हाथों दबोचा

उज्जैन। साल के अंतिम दिनों और नववर्ष के आगमन को लेकर भगवान महाकाल के दरबार में भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। इस भारी भीड़ का फायदा उठाने के लिए चोर और उठाईगिरे भी सक्रिय हो गए हैं। सोमवार 29 दिसंबर 2025 की शाम को मंदिर के गणेश मंडपम में ऐसी ही एक वारदात को सुरक्षाकर्मियों ने अपनी तत्परता से नाकाम कर दिया।

गणेश मंडपम में वारदात की कोशिश

घटना सोमवार शाम करीब 4:30 बजे की है। महाकाल मंदिर के गणेश मंडपम में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ थी। इसी दौरान एक महिला दर्शनार्थी कतार में आगे बढ़ रही थी, तभी एक बदमाश ने मौका पाकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली।

सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी से पकड़ाया

गनीमत रही कि वहां तैनात मंदिर प्रबंध समिति के निजी सुरक्षाकर्मियों की नजर बदमाश की इस हरकत पर पड़ गई। उन्होंने तुरंत तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही रंगे हाथों धर दबोचा। सुरक्षाकर्मियों ने मुख्य आरोपी के साथ वारदात में शामिल उसके दो अन्य साथियों को भी पकड़ लिया।

हरियाणा के हैं तीनों आरोपी

सुरक्षाकर्मियों ने तीनों बदमाशों को पकड़कर महाकाल थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से महिला दर्शनार्थी की चुराई हुई चेन बरामद कर ली और उसे महिला को लौटा दिया।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि पकड़े गए तीनों बदमाश हरियाणा के रहने वाले हैं। वे यहाँ बढ़ती भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की फिराक में थे। महाकाल पुलिस फिलहाल तीनों से सघन पूछताछ कर रही है कि क्या उन्होंने इससे पहले भी किसी वारदात को अंजाम दिया है।  श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने श्रद्धालुओं से अपील है कि मंदिर में दर्शन के दौरान अपने कीमती सामान और आभूषणों का विशेष ध्यान रखें और भीड़भाड़ में सतर्क रहें।

-हरिओम राय, समाचार आज उज्जैन
मोबाइल चुरा कर इंजीनियर के बैंक खाते से 2.90 लाख उड़ाए, सदमे में युवक अस्पताल भर्ती

Related Articles

Back to top button