महाकाल दर्शन करने आए पुणे के इंजीनियर पर चाकू से हमला, ड्राइवर को भी मारा चाकू; दोनों गंभीर

उज्जैन । महाकाल दर्शन करने पुणे से आए एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर और एक मैजिक वाहन चालक पर शनिवार दोपहर उज्जैन में एक अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। दोनों घायलों को गंभीर हालत में चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
इंजीनियर के दिल के पास लगा चाकू
आंध्र प्रदेश निवासी रवि चिट्टी, जो पुणे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, 2 अक्टूबर 2025 को महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आए थे। शनिवार 4 अक्टूबर 2025 को वे ओंकारेश्वर जाने के लिए बस स्टैंड जा रहे थे। दोपहर करीब 3:30 बजे जैसे ही वे चामुंडा माता मंदिर चौराहे पर पहुंचे, एक अज्ञात व्यक्ति ने मैजिक ड्राइवर से हाथापाई शुरू कर दी और फिर मैजिक में बैठे लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में रवि चिट्टी के हाथ और दिल के पास चाकू लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत चरक अस्पताल ले जाया गया।
आधे घंटे बाद उसी शख्स ने दूसरे ड्राइवर को भी मारा चाकू
इंजीनियर पर हमले के करीब आधे घंटे बाद, हमलावर ने दौलतगंज के पास खड़े मैजिक चालक कमल महावर (47) पर भी चाकू से हमला कर दिया। कमल महावर के गले पर चाकू लगा, जिसके कारण उन्हें 17 टांके आए हैं। उन्हें भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पुष्टि की है कि दोनों हमलों को एक ही अज्ञात व्यक्ति ने अंजाम दिया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद उज्जैन पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।



