देवासगेट थाने के एएसआई राधेश्याम भामोर की हार्ट अटैक से मौत, वीआईपी ड्यूटी से लौटे थे

उज्जैन। देवासगेट थाने में पदस्थ एएसआई राधेश्याम भामोर (45) की शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात हार्ट अटैक से आकस्मिक मौत हो गई। उनकी असामयिक मृत्यु से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, एएसआई राधेश्याम भामोर, जो पुलिस लाइन स्थित अपने आवास पर रहते थे, शुक्रवार रात मुख्यमंत्री की वीआईपी ड्यूटी पूरी कर घर लौटे थे। घर पर उन्होंने करवा चौथ पूजन में हिस्सा लिया। पूजन के बाद, देर रात लगभग 3 बजे उन्होंने अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत की।
परिजनों ने तुरंत उन्हें तीन बत्ती चौराहा स्थित निजी अस्पताल (एस एन कृष्णा हॉस्पिटल) पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस महकमे में शोक की लहर
शनिवार सुबह जब उनकी मृत्यु की खबर फैली, तो पूरे पुलिस महकमे में शोक छा गया। उनके साथी विश्वास नहीं कर पा रहे थे कि मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी एएसआई भामोर अब उनके बीच नहीं रहे।
झाबुआ जिले के ग्राम टेमरिया के रहने वाले थे
एएसआई भामोर मूल रूप से झाबुआ जिले की पेटलावद तहसील के ग्राम टेमरिया के रहने वाले थे। वह वर्ष 2007 में आरक्षक के पद पर भर्ती हुए थे और वर्तमान में एएसआई के पद पर देवासगेट थाने में पदस्थ थे। वह जून महीने में ही देवासगेट थाने में आए थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो पुत्र हैं — अजय (24 वर्ष) और प्रेम (20 वर्ष)।
परिजनों ने बताया कि उन्हें पहले से कोई गंभीर बीमारी नहीं थी, ऐसे में अचानक हार्ट अटैक और कम उम्र में हुई मौत से पूरा परिवार गहरे दुख में है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दौरान देवासगेट टीआई अनिला पाराशर सहित अन्य स्टॉफ और अधिकारी मौजूद थे।



