उज्जैनमध्यप्रदेश

महिला ने साथियों के साथ आश्रम के पुजारी को पीटा, संतों में नाराजगी

समाचार आज। उज्जैन

परमधाम आश्रम के पुजारी पर शनिवार सुबह महिला और उसके 2 साथियों ने हमला कर दिया। पुजारी के साथ मारपीट देख लोगों ने बीच बचाव किया। घायल पुजारी की शिकायत पर पुलिस ने महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि कहारवाड़ी में परमधाम आश्रम के पुजारी बोधानंद गिरी सुबह पूजा के लिये फूल प्रसादी लेने जा रहे थे। उसी दौरान रास्ते में यात्रीगृह चलाने वाली महिला ममता खारेट ने अपने 2 साथियों के साथ मिलकर पुजारी को रोका और हमला कर दिया। चारों ने पुजारी को बंधक बनाने का प्रयास भी किया, लेकिन लोगों के बीच बचाव करने पर भाग निकले। घायल पुजारी को आसपास के लोगों ने महाकाल थाने पहुंचाया।

पुलिस पुजारी को उपचार के लिये अस्पताल लेकर पहुंची। जहां सामने आया कि ममता से पुराना विवाद चला आ रहा है। उसके साथ मारपीट करने वाले अंकित, गौरव भी शामिल थे। महिला क्षेत्र में यात्री गृह चलाती है, जहां बाहर से आने वाले लोगों को आना-जाना रहता है। क्षेत्र की गली में उसने कब्जा जमा लिया है, कुछ दिनों पहले जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन पर उसकी शिकायत की गई थी। संभवत: उसी का बदला लेने के चलते हमला किया गया है। पुलिस का कहना था कि महिला और उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। पुजारी पर हमला करने के बाद तीनों फरार हो गये थे। जिन्हे तलाश कर थाने लाया गया था। दूसरी ओर संत समाज भी आक्रोशित है। साध्वी मंदाकिनी देवी ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साध्वी का कहना है कि जिस महिला द्वारा मारपीट की गई है उसके खिलाफ पूर्व में भी कई प्रकरण दर्ज है । मारपीट करने वालों पर कार्रवाई हो वरना संत समाज मौन नहीं रहेगा।

Related Articles

Back to top button