महिला का सगा भाई निकला लुटेरा निकला; पुलिस ने सीसीटीवी से पकड़ा
देवासगेट पुलिस की तत्परता से 24 घंटे में पर्दाफाश, , विश्वासघात करने वाला आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन। उज्जैन की देवासगेट थाना पुलिस ने लूट की घटना को महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने लूट के आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो चौंकाने वाली बात है कि फरियादिया महिला का सगा भाई निकला।
उज्जैन के देवासगेट थाना पुलिस ने सार्वजनिक मार्ग पर हुई एक लूट की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि लूट की घटना को किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि फरियादिया महिला के सगे भाई ने ही अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 4,00,000/- की पूरी राशि बरामद कर ली है।
बैंक से पैसे निकालने के बाद हुई लूट
दिनांक 01.12.2025 को फरियादिया सम्पत बाई गेहलोत (65 वर्ष) घायल अवस्था में देवासगेट थाना पहुँचीं। पुलिस ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुँचाया और बयान दर्ज किए। फरियादिया ने बताया कि उन्होंने एसबीआई बैंक दरगाह मंडी से 4,00,000/- निकाले थे। इसमें से 3,50,000/- उन्होंने अपने भाई देवीलाल को दे दिए थे, और 50,000/- अपने पास रखे थे। जब वह स्मार्ट रोड से कोयला फाटक जाने वाले मार्ग पर पैदल घर जा रही थीं, तब एक अज्ञात व्यक्ति बहाने से उन्हें मंदिर के पास ले गया और 50,000/- जबरन छीनकर झाड़ियों की तरफ भाग गया। आरोपी का पीछा करने के दौरान फरियादिया गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके बयान के आधार पर थाना देवासगेट पर अपराध क्रमांक 137/25 धारा 309(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
त्वरित कार्रवाई और भाई की गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर गुरुप्रसाद पाराशर और नगर पुलिस अधीक्षक माधवनगर दीपिका शिंदे के मार्गदर्शन में तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और विश्वसनीय मुखबिरों की मदद ली। दिनांक 02.12.2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट को अंजाम देने वाला आरोपी हीरामील कुंड बड़ के आसपास घूम रहा है। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी देवीलाल पिता नानुराम दमामी (57 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी देवीलाल कोई और नहीं, बल्कि फरियादिया सम्पत बाई का सगा भाई है, जिसने विश्वासघात कर लूट की साजिश रची।
4,00,000/- की पूरी राशि बरामद
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी देवीलाल ने न केवल महिला से छीने गए 50,000/- बरामद कराए, बल्कि महिला द्वारा उसे पहले दिए गए 3,50,000/- भी उसके घर से बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 4,00,000/- की राशि जब्त कर विधिक कार्यवाही के बाद फरियादिया को लौटा दी है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई में टीआई देवासगेट अनिला पाराशर के नेतृत्व में एसआई राधेश्याम अवालिया, आरक्षक विनोद, मनीष, जितेंद्र, सोनू और अन्य स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।



