उज्जैन

महाकाल मंदिर के ‘VIP कल्चर’ पर डोरेमॉन का AI व्यंग्य, मुकदमा दर्ज

महाकाल मंदिर समिति की शिकायत पर हनी राजपूत पर प्रकरण दर्ज

उज्जैन: श्री महाकालेश्वर मंदिर के तथाकथित ‘वीआईपी कल्चर’ पर व्यंग्य करता हुआ एक एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) जनरेटेड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया था। इस विवादास्पद वीडियो में लोकप्रिय जापानी कार्टून कैरेक्टर डोरेमॉन को मंदिर के अंदर दिखाया गया है, जिस पर पुजारियों, श्रद्धालुओं और मंदिर समिति ने कड़ी आपत्ति जताई है। इस मामले में शुक्रवार 17 अक्टूबर 2025 को महाकाल थाना पुलिस ने महाकाल मंदिर की प्रतिष्ठा धूमिल करने के आरोप में इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड कर वायरल करने वाले हनी राजपूत नामक युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 299 में मामला दर्ज कर लिया है।

वीडियो में वीआईपी पास और धार्मिक मर्यादा का उल्लंघन

यह वीडियो गुरुवार 16 अक्टूबर 2025 को सोशल मीडिया पर जारी किया गया। वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट honey-.-Rajput के नाम से 5 अक्टूबर को पोस्ट किया गया था। वीडियो में डोरेमॉन महाकाल मंदिर के अंदर जाता दिखाई देता है। डोरेमॉन नामक कार्टून पात्र पहले गर्भगृह में जाने का प्रयास करता है, लेकिन गार्ड द्वारा रोके जाने के बाद वीआईपी पास लेकर अंदर जाता है। हालांकि, इसे चित्रित करते वक्त वीडियो में कई ऐसी बातें दिखाई गई हैं, जो मंदिर की धार्मिक मर्यादा और परंपराओं का सीधा उल्लंघन है:

  1. जूते पहने गार्ड: वीडियो में गर्भगृह की डेहरी पर खड़ा मंदिर का गार्ड जूते पहने हुए दिखाई देता है। महाकाल मंदिर की परंपरा के अनुसार, चांदी द्वार के बाद जूते पहनकर प्रवेश सख्त वर्जित है।
  2. फर्जी पास और स्टॉल: डोरेमॉन को गार्ड द्वारा यह कहकर रोका जाता है कि अंदर जाने के लिए वीआईपी पास लगता है। इसके बाद एक युवक को मंदिर के बाहर स्टॉल लगाकर ₹250 के पास बेचते हुए दिखाया गया है। जबकि गर्भगृह में प्रवेश के लिए इस तरह स्टॉल लगाकर पास नहीं बेचे जाते हैं।
  3. जेल से डोरेमॉन: वीडियो में डोरेमॉन को पास लेकर गर्भगृह में दर्शन करते दिखाया गया है, लेकिन आखिर में उसे जेल से निकलते हुए दिखाया गया है।

पुजारियों और मंदिर समिति की कड़ी आपत्ति

वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर समिति ने इस पर कड़ा रुख अपनाया है।

  • मंदिर समिति की चेतावनी: मंदिर समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक ने मीडिया से कहा था कि यह वीडियो मंदिर की छवि खराब करने वाला है। उन्होंने घोषणा की कि वीडियो को वायरल करने वाले के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बाद में मंदिर समिति की शिकायत पर महाकाल पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।
  • पुजारियों की निंदा: महाकाल मंदिर के पुजारी महेश शर्मा ने वीडियो पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह सनातन धर्म पर कुठाराघात है। उन्होंने पुजारी महासंघ की ओर से इसकी निंदा की और मांग की कि इस तरह के वीडियो को सोशल मीडिया पर बैन किया जाए और वीडियो बनाने व वायरल करने वालों, साथ ही जूते पहने दिखाई दे रहे गार्ड पर भी कार्रवाई हो।
-हरिओम राय
महाकाल की हेरिटेज होटल के नाम पर धोखाधड़ी, पुलिस ने ठगी के शिकार यात्री को ₹30,500 वापस दिलवाए

Related Articles

Back to top button