उज्जैन में एक और फर्जी एडवाइजरी कंपनी का भंडाफोड़
एडवाइजरी कंपनी के नाम निवेश करा कर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन: जिले में फर्जी एडवाइजरी कंपनी द्वारा भोले-भाले नागरिकों को निवेश के नाम पर ठगने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, थाना नीलगंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक फर्जी इन्वेस्टमेंट एडवाइजरी कंपनी संचालित कर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
फर्जीवाड़े की सूचना पर पुलिस की दबिश
पुलिस अधीक्षक उज्जैन के मार्गदर्शन में और नगर पुलिस अधीक्षक माधवनगर श्रीमती दीपिका शिंदे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से नीलगंगा पुलिस को 15 अक्टूबर 2025 को सूचना मिली कि वेद नगर स्थित एक ऑफिस में आशुतोष गोयल नामक व्यक्ति लोगों की सहमति के बिना उनके मोबाइल नंबर प्राप्त कर, उनकी गोपनीयता का उल्लंघन कर रहा है और निवेश टिप्स देने के नाम पर धोखाधड़ी कर रहा है।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक तरुण कुरील के मार्गदर्शन में उनि वर्षा सोलंकी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने वेद नगर (बैंक ऑफ इंडिया के सामने, अमृत चाय के ऊपर) स्थित लाल पुरानी बिल्डिंग की पहली मंजिल पर दबिश दी।
बिना बोर्ड के चल रहा था ऑफिस, भारी मात्रा में दस्तावेज जब्त
पुलिस को दबिश के दौरान पता चला कि यह ऑफिस बिना किसी बोर्ड के संचालित हो रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी आशुतोष गोयल (23 वर्ष) और अयान शेख (22 वर्ष) पिछले लगभग दो माह से इसे चला रहे थे, जहाँ कई युवक-युवतियां फोन कॉल्स के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करते थे।
- जब्त सामग्री: ऑफिस के निरीक्षण में पुलिस ने 03 कीपैड मोबाइल फोन और ग्राहकों के नाम व मोबाइल नंबरों की लगभग 100 पेज टाइपशुदा लिस्ट जब्त की। इन दस्तावेजों का उपयोग धोखाधड़ी के लिए किया जा रहा था।
- वैध दस्तावेज़ नहीं: जब दोनों आरोपियों से ऑफिस संचालन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
दोनों आरोपी आशुतोष पिता माखन गोयल और अयान शेख पिता जाकिर हुसैन के विरुद्ध थाना नीलगंगा पर अपराध क्रमांक 497/2025, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 319(2) (धोखाधड़ी) और 318(4) (गोपनीयता का उल्लंघन) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की फर्जी निवेश या एडवाइजरी कंपनियों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। थाना नीलगंगा पुलिस की इस कार्रवाई से फर्जी निवेश सलाह देने वाली ठग कंपनियों पर नकेल कसने में बड़ी सफलता मिली है।
-
– हरिओम राय
महाकाल की हेरिटेज होटल के नाम पर धोखाधड़ी, पुलिस ने ठगी के शिकार यात्री को ₹30,500 वापस दिलवाए



