महाकाल मंदिर के गर्भगृह में विवाद: मामूली बात पर महंत और पुजारी में धक्का-मुक्की
पुजारी गर्भगृह में गिरे, नंदी हाल तक गूंजे अपशब्द; मंदिर समिति जांच में जुटी

उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर की गरिमा बुधवार सुबह उस वक्त भंग हो गई, जब मंदिर के गर्भगृह में एक महंत संत और पुजारी के बीच मामूली बात पर जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि धक्का-मुक्की हुई और गर्भगृह में पुजारी गिर गए।
बुधवार 22 अक्टूबर सुबह करीब 8 बजे ऋणमुक्तेश्वर के महंत श्री महावीर नाथ दर्शन के लिए महाकाल मंदिर गए थे। महंत महावीर नाथ सिर पर भगवा वस्त्र लपेटे हुए थे। गर्भगृह में मौजूद महेश पुजारी ने मंदिर की परंपरा के अनुसार उनसे सिर पर से कपड़ा हटाने का निवेदन किया। इसी बात पर विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान धक्कामुक्की हुई, जिसमें पुजारी गर्भगृह में गिर गए। विवाद गर्भगृह से शुरू होकर नंदी हाल तक पहुँच गया, जहाँ अपशब्द भी सुनाई देने लगे। घटना से सामान्य दर्शनार्थी दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही मंदिर के अधिकारी मौके पर पहुँचे।
मंदिर प्रशासन और संतों का पक्ष
मंदिर प्रशासक: मंदिर समिति प्रशासक प्रथम कौशिक ने कहा है कि वे पूरे मामले की जांच करा रहे हैं। पुजारी परिवार ने इस घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
संतों का पक्ष: इस घटना को लेकर भर्तृहरि गुफा के गादीपति पीर महंत श्री रामनाथ महाराज ने कहा कि अभद्रता महावीर नाथ के साथ हुई है। उन्होंने मंदिर समिति से सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग की ताकि पता चले कि विवाद किसने शुरू किया और किसने गालियां दीं। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में कार्रवाई के लिए मंदिर समिति प्रशासक और पुलिस प्रशासन को पत्र देंगे। गौरतलब है कि ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर भी भर्तृहरि गुफा का हिस्सा है।



