उज्जैन में चाइना डोर ने फिर गला चीरा; 20 टांके लगे, ICU में जिंदगी की जंग

उज्जैन, समाचार आज। प्रशासन के तमाम दावों और हाई कोर्ट की ‘गैर-इरादतन हत्या’ वाली चेतावनी के बीच उज्जैन में रविवार 18 जनवरी 2026 की शाम लहूलुहान रही। प्रतिबंधित चाइना डोर की चपेट में आने से एक मैकेनिक का गला इतनी बुरी तरह कट गया कि उन्हें बचाने के लिए डॉक्टरों को 20 टांके लगाने पड़े। वहीं, एक अन्य घटना में एक युवक की नाक कट गई।
केस 1: गले में फंसी मौत की डोर, अस्पताल में संघर्ष
कमल कॉलोनी के रहने वाले सुरेंद्र जायसवाल (45 वर्ष), जो पेशे से मैकेनिक हैं, रविवार शाम करीब 4:30 बजे अपनी पत्नी की बहन के यहाँ एक कार्यक्रम में जा रहे थे। इंद्रा नगर चौराहे पर अचानक पतंग की डोर उनके गले में फंस गई। जब तक वे संभलते, डोर उनके गले को गहराई तक चीर चुकी थी। लहूलुहान हालत में वे किसी तरह कार्यक्रम स्थल पहुँचे, जहाँ से उन्हें तुरंत चरक अस्पताल ले जाया गया। डॉ. केके परमार के अनुसार, घाव इतना गहरा था कि 20 टांके लगाने पड़े। फिलहाल सुरेंद्र को ICU में रखा गया है, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। उनके परिवार में तीन छोटे बच्चे हैं।
केस 2: बाल-बाल बचीं आँखें, नाक पर गहरा घाव
एक अन्य दर्दनाक हादसा नीलगंगा क्षेत्र में हुआ। मुकेश वाडिया अपनी बाइक से घर से नीलगंगा की ओर जा रहे थे, तभी चाइना डोर सीधे उनके चेहरे पर आकर लगी। इस हादसे में मुकेश की नाक बुरी तरह कट गई। गनीमत रही कि डोर उनकी आँखों तक नहीं पहुँची, वरना वे अपनी रोशनी खो सकते थे। उनका भी उपचार जारी है।
प्रशासन के दावों की खुली पोल?
उज्जैन पुलिस लगातार सर्चिंग कर रही है, बच्चों को शपथ दिला रही है और ड्रोन से निगरानी का दावा कर रही है, लेकिन रविवार की इन दो घटनाओं ने बता दिया है कि प्रतिबंधित डोर अब भी छतों पर मौजूद है।
सुलगते सवाल:
-
जब हाई कोर्ट ने धारा 106(1) (गैर-इरादतन हत्या) के तहत केस दर्ज करने का आदेश दिया है, तो क्या इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार पतंगबाजों की पहचान कर उन्हें जेल भेजा जाएगा?
-
क्या पुलिस केवल दुकानों पर चेकिंग कर रही है या गलियों में उड़ रही ‘खूनी डोर’ को पकड़ने में नाकाम है?
वाहन चालक ध्यान दें!
-
ब्रीज और चौराहों पर विशेष सावधानी: इंद्रा नगर, नीलगंगा, और फ्रीगंज जैसे क्षेत्रों में दुपट्टा या मफलर बांधकर ही निकलें।
-
स्पीड कम रखें: यदि आपकी रफ़्तार कम होगी, तो डोर फंसने पर आपको संभलने का मौका मिल सकता है।
अपील: अगर आप अपने आसपास किसी को चाइना डोर का उपयोग करते देखें, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आपकी एक सूचना किसी की जान बचा सकती है।
-हरिओम राय, समाचार आज (samacharaaj.com)
चाइना डोर से जुड़े अन्य समाचार



