उज्जैन
महाकाल महालोक में महिला कर्मचारी ने बनाई रील, सोशल मीडिया पर वायरल

उज्जैन। दीपावली के अवसर पर श्री महाकाल महालोक क्षेत्र में एक महिला सफाई कर्मचारी द्वारा बनाई गई रील सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रही है। मंदिर क्षेत्र में रील बनाने पर सख्त प्रतिबंध होने के बावजूद यह नई रील सामने आई है, जिससे कर्मचारियों के बीच यह चर्चा का मुख्य केंद्र बन गई है।
महिला कर्मचारी ने यह रील महाकाल महालोक परिसर में “ये जीवन अच्छा लगता है, हर सपना सच्चा लगता है, जब तुम आ जाते हो सामने…” गाने पर बनाई है। यह पहली बार नहीं है जब ऐसी घटना सामने आई है। इससे पहले भी मंदिर में महिला कर्मचारियों द्वारा रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालने का विरोध हो चुका है। उन मामलों में मंदिर समिति ने कई लोगों पर कानूनी कार्रवाई भी की थी और क्षेत्र में रील बनाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। यह पाबंदी विशेष रूप से कर्मचारियों पर लागू की गई थी।



