नगर निगम की कचरा गाड़ी ने ले ली युवती की जान

रतलाम। समाचार आज
रतलाम के विरियाखेड़ी में नगर निगम की एक कचरा गाड़ी ने घर बाहर बैठी महिला को टक्कर मारते हुए उसकी छोटी बहन को भी चपेट में ले लिया। आरोप है कि निगम वाहन का चालक नशे में था और दूर तक युवती को वाहन से घसीटते हुये ले गया। जिस कारण युवती की मौत हो गई। घटना के बाद जिला अस्पताल में स्थानीय रहवासियों ने काफी हंगामा भी मचाया। नगर निगम के तेज रफ्तार वाहन से हादसे की यह घटना 10 जनवरी दोपहर की है।
बाटी सेक रही थी युवती
जिस घर यह हादसा हुआ है वहां 10 जनवरी को मन्नत का कार्यक्रम था। कार्यक्रम के बाद घर के बाहर बाटियां सेंक रहीं युवतियां इस हादसे का शिकार हुई हैं। हादसा दोपहर करीब तीन बजे हुआ। बिरियाखेड़ी मेन रोड निवासी मेघराज भूरिया के बड़े बेटे की मन्नत का एक दिन पूर्व कार्यक्रम था। इसके लिए परिजन घर में जुटे थे। उनके लिए मेघराज की बेटियां सावित्री, सुमित्रा और पूनम सोमवार दोपहर घर के बाहर बाटी सेंक रहीं थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान पीछे से नगर निगम का एक अनियंत्रित कचरा संग्रह वाहन तेज गति से आया और सावित्री व सुमित्रा को टक्कर मार कर घायल कर दिया। टक्कर के बाद चालक ने कचरा वाहन की गति बढ़ा दी और तभी सामने मौजूद पूनम वाहन में लटक गई। आरोपी चालक ने वाहन रोकने के बजाय स्पीड बढ़ा दी और पूनम को कुचलता हुआ आगे बढ़ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तीनों घायल बहनों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने पूनम को मृत घोषित कर दिया।
चालक और वाहन पर फूटा गुस्सा, चक्काजाम भी किया
हादसे के बाद आरोपी चालक पल्सोड़ा की ओर वाहन भगा कर ले जा रहा था। घटना से गुस्साए लोगों ने बमुश्किल वाहन रुकवाया। उन्होंने आरोपी चालक की जमकर पिटाई कर दी। वाहन के कांच भी फोड़ दिए। गुस्साए लोगों ने अस्पताल और बिरियाखेड़ी क्षेत्र में चक्काजाम कर दिया और जुलवानिया जाने के लिए पहुंचे निगम के अन्य वाहनों को भी आगे नहीं जाने दिया। हंगामा बढऩे पर औद्योगिक क्षेत्र थाने का पुलिस बल, एसडीएम अभिषेक गेहलोत और सीएसपी हेमंत चौहान मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने उनसे निगम के वाहनों का रूट बदलने तथा स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की। इस पर अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया।
औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी ओ. पी. सिंह के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया है। धारा 304-ए के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वाहन चालक रणवीर सिंह को राउंडअप कर लिया गया है।