उज्जैन

कुएं में मिला मगरमच्छ

समाचार आज

उज्जैन जिले की घट्टिया तहसील के पानबिहार और बांदका गांव के बीच खेत में बने एक कुएं से बुधवार को करीब 4 फीट लंबा मगरमच्छ पकड़ा गया है। वन विभाग की टीम ने कुएं में जाल डालकर इसे बाहर निकाला और नागदा के आगे चंबल नदी में सुरक्षित छोड़ दिया।

बांदका के किसान दिग्विजय सिंह चौहान के खेत पर बने कुए से इस मगरमच्छ को पकड़ा गया है। यहां से गुजरने वाला नाला कुछ ही दूरी पर शिप्रा नदी में मिलता है। संभावना जताई गई कि शिप्रा नदी के रास्ते मगरमच्छ कुएं तक पहुंचा होगा। बुधवार सुबह किसान दिग्विजय सिंह चौहान के खेत पर काम करने वाले कर्मचारी ने कुएं में मगरमच्छ को देखा। तत्काल ही वन विभाग को इसकी सूचना दी गई।

वनपाल मदनसिंह मोरे की अगुवाई में रेस्क्यू टीम बांदका पहुंची और कुएं में जाल डालकर मगरमच्छ को बाहर निकाला गया। वनपाल मदनसिंह मोरे ने बताया कि पकड़े गए मगरमच्छ की उम्र महज कुछ महीने ही है। वह शिप्रा के रास्ते जंगल क्षेत्र से बारिश में यहां तक पहुंचा होगा। चंबल नदी में कई सारे मगरमच्छ है लिहाजा बांदका से पकड़े गए मगरमच्छ को भी चंबल में ही छोड़ दिया गया है।

Related Articles

Back to top button