पत्नी ने खोली डिप्टी कलेक्टर की पोल, भ्रष्टाचार और जान से मारने की धमकी के सनसनीखेज आरोप

उज्जैन: उज्जैन में पदस्थ रहे डिप्टी कलेक्टर सिराज मोहम्मद मंसूरी की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लोकायुक्त की कार्रवाई में फँसे मंसूरी के खिलाफ उनकी पत्नी तबस्सुम बानो ने अब खुद मोर्चा खोल दिया है और भ्रष्टाचार के आरोपों को साबित कर दिया है। पत्नी ने मंसूरी पर पद का दुरुपयोग कर बेनामी संपत्ति अर्जित करने, व्यभिचार करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
यह सनसनीखेज मामला तब सामने आया जब तबस्सुम बानो मंगलवार 23 सितंबर 2025 को जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ के पास पहुंचीं। उन्होंने खुद को डिप्टी कलेक्टर मंसूरी की पत्नी बताया और पति के खिलाफ सबूतों का पुलिंदा सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि मंसूरी ने सरकारी पद का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्ति जुटाई है। इतना ही नहीं, उन्होंने बैंकॉक, दुबई और ईराक जैसे देशों की यात्राएं भी की हैं, जिसकी जानकारी सरकार को नहीं दी गई।
बेटी को झूठे केस में फंसाने और गोली मारकर जान से मारने की धमकी
तबस्सुम बानो ने आरोप लगाया कि डिप्टी कलेक्टर ने अपने रिश्तेदारों के नाम छिंदवाड़ा, इंदौर और जबलपुर में प्लॉट, मकान और कई लग्जरी गाड़ियाँ खरीदी हैं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि मंसूरी उन्हें और उनकी बेटी को झूठे केस में फंसाने और गोली मारकर जान से मारने की धमकी देता है। पत्नी ने बताया कि उनके पास धमकी की सारी रिकॉर्डिंग मौजूद है, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने माँग की कि यदि मंसूरी के पासपोर्ट की जाँच हो, तो सारी सच्चाई सामने आ जाएगी।
अवैध संबंधों का विरोध किया तो मारपीट की
तबस्सुम ने बताया कि मंसूरी की प्रताड़ना से तंग आकर वह साल 2023 में अपने घर जालौन चली गई थीं। साल 2024 में उन्हें पति के अवैध संबंधों के बारे में पता चला। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो मंसूरी ने उनके घर आकर उनके साथ मारपीट की। इसका सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास मौजूद है। इस मामले की शिकायत वह पहले भी इंदौर कलेक्टर से कर चुकी हैं, जिसकी जाँच अब भी जारी है।



