तराना में तिलभांडेश्वर मंदिर के महंत मोहन भारती को धमकी
तिलभांडेश्वर महादेव की अंतिम सवारी से पहले सोशल मीडिया पर आया धमकी भरा संदेश

उज्जैन। तिलभांडेश्वर मंदिर के महंत एवं पंचदशनाम जूना अखाड़े के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत मोहन भारती को सोशल मीडिया के जरिए धमकी मिलने का मामला सामने आया है। मामला 7 सितंबर को निकलने वाली भगवान शिव की अंतिम सवारी से जुड़ा है। मंदिर के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर सवारी के दौरान मस्जिद के सामने गाने बजाने को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। इसके बाद कुछ अन्य यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। महंत मोहन भारती ने मामले में तराना थाना और पुलिस अधीक्षक से आधिकारिक शिकायत करने की बात कही है। गौरतलब है कि दिसंबर 2025 में भी महंत को व्हाट्सएप के जरिए धमकी मिलने का मामला सामने आया था।
तराना स्थित प्राचीन तिलभांडेश्वर शिव मंदिर के महंत एवं पंचदशनाम जूना अखाड़े के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत मोहन भारती को एक बार फिर सोशल मीडिया के माध्यम से धमकी मिलने का मामला सामने आया है। मंदिर के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर की गई टिप्पणी में आगामी 7 सितंबर को निकलने वाली अंतिम सवारी के दौरान मस्जिद के सामने गाने बजाने को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है।
तराना के प्राचीन तिलभांडेश्वर मंदिर से सावन और भादौ मास के दौरान प्रत्येक सोमवार को भगवान शिव की सवारी निकाली जाती है। अब तक चार सोमवार को सवारी निकाली जा चुकी है। इस क्रम में पांचवीं और अंतिम सवारी 7 सितंबर को प्रस्तावित है। इसी बीच महंत को धमकी मिलने की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी
जानकारी के अनुसार, पिछली सवारी के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसी वीडियो को लेकर ‘akram 1414’ नामक सोशल मीडिया आईडी से टिप्पणी की गई। टिप्पणी में मस्जिद के सामने गाने नहीं बजाने की बात कहते हुए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया। इसके बाद कुछ अन्य सोशल मीडिया यूजर्स की ओर से भी धमकी भरे अंदाज में प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
महंत ने पुलिस में शिकायत की बात कही
महंत मोहन भारती ने कहा कि मंदिर के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर इस तरह की धमकी देना असामाजिक तत्वों की हरकत है। उन्होंने कहा कि पिछले कई सोमवार से भंडारे और भगवान शिव की सवारी का भव्य आयोजन हो रहा है। इसी को लेकर कुछ लोग इस प्रकार की धमकियां दे रहे हैं। महंत ने बताया कि मामले की आधिकारिक शिकायत तराना थाना और पुलिस अधीक्षक से की जाएगी, ताकि धमकी देने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई हो सके।
दिसंबर 2025 में भी मिली थी धमकी
महंत मोहन भारती को धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले दिसंबर 2025 में भी उन्हें एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप के माध्यम से धमकी भरा संदेश भेजे जाने का मामला सामने आया था। उस समय भी उन्होंने पुलिस और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। अब 7 सितंबर को निकलने वाली अंतिम सवारी से पहले दोबारा धमकी मिलने से पुलिस प्रशासन के सामने मामले को गंभीरता से लेने और सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई करने की चुनौती है।



